रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 जनवरी। छत्तीसगढ़ संयुक्त अनियमित कर्मचारी महासंघ के नेताओं ने गृह मंत्री विजय शर्मा से मुलाकात की। शर्मा राजनीतिक आंदोलन से संबंधित प्रकरण की वापसी के लिए नवीन मंत्रीपरिषद की उप समिति के अध्यक्ष बनाए गए हैं। महासंघ के नेताओं ने पिछली सरकार द्वारा 14 कर्मचारियों पर दर्ज किए प्रकरणों के बारे में बता कर वापसी का अनुरोध किया । उन्हें बताया कि प्रदेश में कार्यरत अनियमित कर्मचारी/ अधिकारी अपने नियमितीकरण सहित विभिन्न मांग को लेकर निरंतर संघर्षरत है।
इसी के क्रम में 23 जुलाई 18 को आयोजित धरने के दरमियान 14 अनियमित कर्मचारियों पर गोल बाजार थाने में आई पी सी की धारा 147, 341, 188, (एफ आई आर संख्या-156) आजाद चौक थाने में 12 अनियमित साथियों पर आई पी सी की धारा 147, 186, 294 (एफ आई आर संख्या-259 ) के तहत दर्ज अपराध के मुकदमे क्रमश: अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, रायपुर एवं अतिरिक्त मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी रायपुर न्यायालय में चल रहे है।अत: अनुरोध है की 14 अनियमित कर्मचारियों पर दर्ज मुकदमे को वापस लेने आवश्यक कार्यवाही की जाए।
उपमुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि मंत्री परिषद की उप समिति के वे अध्यक्ष हैं और अन्य तीन मंत्री सदस्य हैं जिसमें अरुण साव, राम विचार नेताम और श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े शामिल है। समिति की बैठक में इस पर विचार कर निर्णय लिया जाएगा ।
वहीं विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह से शालेय शिक्षक प्रधानपाठक संघ के प्रांताध्यक्ष मनोज साहू,महामंत्री सुरेश वर्मा ने सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने शिक्षकों के विभिन्न समस्याओं, व्याख्याता से प्राचार्य के पद पर शीघ्र पदोन्नति के संबंध में चर्चा कर ज्ञापन सौंपा। डॉ.सिंह ने विभागीय मंत्री एवं अधिकारियों को निर्देशित करने का आश्वासन दिया।