रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 जनवरी। अयोध्या में श्री राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर छत्तीसगढ़ में भी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जिनकी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।
इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ संस्कृति विभाग द्वारा 20 जनवरी को पुलिस परेड ग्राउंड में होने वाले बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम ‘गाथा श्री राम मंदिर की‘ की उत्साहपूर्वक तैयारियां की जा रही हैं। धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने देर रात पुलिस मैदान वीआईपी रोड स्थित श्री राम मंदिर भी गए और तैयारी का भी जायजा लिया। अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए ।
बता दें कि इस गाथा में श्रीराम से चल कर लवकुश से शुरू होकर अयोध्या पर हुए हमलों और अयोध्या के रक्षकों की चर्चा होती है जिसमें हर उस महत्वपूर्ण व्यक्ति का उल्लेख है, जो अयोध्या और श्रीराम मंदिर से सम्बद्ध है। साथ ही राजा विक्रमादित्य और माँ अहिल्याबाई होल्कर द्वारा मंदिर के जीर्णोद्धार, बैरागी साधुओं के संघर्ष, गर्भगृह से रामलला का निकाला जाना, गर्भगृह में रामलला का प्रकट होना, कार सेवा, कोठारी बन्धुओं के बलिदान, राजनीतिक उथल-पुथल और वर्तमान निर्माणाधीन मंदिर की भव्यता, दिव्यता और उसके पीछे केंद्र और राज्य सरकार के संकल्प का चित्रण किया जाएगा।