रायपुर

रिकॉर्ड टूटा, राज्य में अब तक 109 लाख टन धान की खरीदी
16-Jan-2024 2:41 PM
रिकॉर्ड टूटा, राज्य में अब तक 109 लाख टन धान की खरीदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 जनवरी। 
एक नवंबर से शुरू हुई धान खरीदी में अब केवल 15 दिन शेष रह गए हैं। उसके बाद लिंकिंग में 15 फरवरी तक खरीदी होगी। इस वर्ष खरीदी का रिकॉर्ड सोमवार को टूट गया। प्रदेश में अब तक कुछ 109 लाख टन धान खरीदा जा चुका है। सरकार ने 130 टन खरीदी का लक्ष्य रखा है। धान के एवज में किसानों को 25 हजार करोड़ रूपए से अधिक की राशि का भुगतान बैंक के माध्यम से किया गया है। 

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान विक्रय का लाभ पूर्व में धान बेच चुके किसानों को भी मिलेगा। इसका आशय यह है कि एक नवम्बर से अब तक पूर्व निर्धारित मात्रा के अनुरूप धान बेच चुके किसान, शेष मात्रा का धान, उपार्जन केन्द्र में 31 जनवरी तक बेच सकेंगे। 

मार्कफेड के महाप्रबंधक से प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य में समर्थन मूल्य पर अब तक 20 लाख 49 हजार 472 किसानों से 108 लाख 6 हजार 659 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। इसके एवज में किसानों को 23 हजार 448 करोड़ रूपए से अधिक की राशि का भुगतान बैंक के माध्यम से किया गया है। धान खरीदी के साथ-साथ कस्टम मिलिंग के लिए निरंतर धान का उठाव जारी है। अब तक 90 लाख 40 हजार 649 मीट्रिक टन धान के उठाव के लिए डीओ जारी किया गया है। जिसके विरूद्ध में मिलर्स द्वारा 69 लाख 95 हजार 876 मीट्रिक टन धान का उठाव किया जा चुका है। इस साल राज्य में 130 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी लक्ष्य रखा गया है।


अन्य पोस्ट