रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 जनवरी। सौ से अधिक संगठनों वाले सबसे बड़े छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने आंदोलन की ओर कदम बढ़ा दिया है । आज पूरे प्रदेश में कलेक्टरों के जरिए शासन के नाम अपनी लंबित मांगों को लेकर अनुरोध पत्र सौंपा है। फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा ने बृजमोहन अग्रवाल मंत्री स्कूल एवं उच्च शिक्षा को यह अनुरोध पत्र सौंपा । इसमें वर्मा ने कहा है कि भाजपा घोषणा पत्र में प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों को किये गये वादे अनुसार विभिन्न समस्याओं के त्वरित निराकरण किया जाए।
वर्मा ने कहा कि विधान सभा चुनाव 2023 में देश के अत्यंत लोकप्रिय राष्ट्रीय पार्टी भाजपा को छत्तीसगढ़ में स्पष्ट जनादेश दिलाने के लिए प्रदेश के कर्मचारियों एवं अधिकारियों का अमूल्य योगदान रहा है। फेडरेशन को इस बात की अत्यंत प्रसन्नता है कि राष्ट्रीय पार्टी भारतीय जनता पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में प्रदेश के शासकीय सेवकों की समस्याओं को शामिल किया है। घोषणा पत्र समिति के संयोजक विजय बघेल, सांसद दुर्ग से फेडरेशन के प्रतिनिधियों के साथ कई दौर की चर्चा हुई थी। प्रदेश के शासकीय सेवकों को केन्द्र के समान महंगाई भत्ता देने, महंगाई भत्ता का एरियर्स को जी.पी.एफ. खाते में समायोजित करने, अनियमित कर्मचारियों को नियमित करने कमेटी गठित करने, गोपनीय चरित्रावली ऑनलाईन करने जैसे अन्य मुद्दों को शामिल किया गया है। अनुरोध है कि भाजपा घोषणा पत्र में प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों को किये गये वादे अनुसार विभिन्न समस्याओं के त्वरित निराकरण करने मुख्य सचिव को आवश्यक निर्देश जारी करें। उधर वन कर्मचारी संघ ने दो फरवरी से हड़ताल का भी फैसला कर लिया है।