रायपुर

150वर्ष का हुआ मौसम विभाग
11-Jan-2024 6:37 PM
150वर्ष का हुआ मौसम विभाग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 जनवरी। देश का मौसम विभाग 15 जनवरी को अपनी स्थापना के 150वीं वर्षगाठ मनाएगा। विज्ञान भवन दिल्ली में होने वाले कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति जगदीश धनखड़ होंगे। आईएमडी सभी मौसम और जलवायु सेवाओं के लिए भारत सरकार की प्रमुख सरकारी एजेंसी है। यह पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय (एमओईएस) के तहत कार्य करता है और इसका मुख्यालय मौसम भवन, लोधी रोड, नई दिल्ली में है। आईएमडी को 4000 से अधिक वैज्ञानिक कर्मियों द्वारा संचालित होने पर गर्व है और यह उन्नत मौसम संबंधी उपकरणों, अत्याधुनिक कंप्यूटिंग प्लेटफार्मों, मौसम और जलवायु भविष्यवाणी मॉडल, सूचना प्रसंस्करण और पूर्वानुमान प्रणाली और चेतावनी प्रसार प्रणाली का केन्द्र है।

आईएमडी दिल्ली स्थित मुख्यालय और देश के 6 विभिन्न क्षेत्रों में 6 क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्रों (आरएमसी) के साथ समन्वित तरीके से काम करता है। इन आरएमसी को राज्य स्तर पर 26 मौसम विज्ञान केंद्रों (एमसी) द्वारा सहायता प्रदान की जाती है जिनकी क्षेत्रीय मौसम के बारे में जानकारी, सलाह और चेतावनियों को देखने और प्रसारित करने में विशेषज्ञता हैं।

आईएमडी मुख्यालय में विभिन्न समर्पित प्रभाग जैसे राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र (एनडब्ल्यूएफसी), संख्यात्मक मौसम पूर्वानुमान (एनडब्ल्यूपी), उपग्रह मौसम विज्ञान प्रभाग, ऊपरी वायु उपकरण प्रभाग, जल विज्ञान प्रभाग और सूचना प्रणाली एवं सेवा प्रभाग (आईएसएसडी) और जलवायु अनुसंधान एवं सेवा प्रभाग। आईएमडी पुणे आईएमडी की समग्र पूर्वानुमान, निगरानी और प्रसार सेवाओं का क्रियान्वयन करते हैं।


अन्य पोस्ट