रायपुर

स्काउट्स गाइड्स पहले अपने फिर परिवार-देश सेवा करता है
11-Jan-2024 6:37 PM
स्काउट्स गाइड्स पहले अपने फिर परिवार-देश सेवा करता है

अलंकरण समारोह में शामिल हुए राज्यपाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 जनवरी। भारत स्काउट्स और गाइड्स संगठन छत्तीसगढ़ के आज राजभवन में राज्यस्तरीय अलंकरण समारोह आयोजित किया। राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने राज्य के सर्वश्रेष्ठ स्काउटर, गाइडर, रोवर, रेंजर, एवं स्काउट-गाइड को राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया। सभी को प्रमाण पत्र के साथ 10-10 हजार रूपए की राशि राज्यपाल की ओर से प्रदान की गई।

श्री हरिचंदन ने कहा कि स्काउटिंग एक ऐसी विधा है, जो नई-नई चीजें सीखने में मदद करती है और विभिन्न परिस्थितियों से मुकाबला करने के लिए प्रेरित करती है। स्काउटिंग विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से उच्च चरित्र मूल्यों और आदर्शों का पालन करते हुए अपना काम आसानी से करना सिखाता है प्रतिज्ञा लेने के तुरंत बाद स्काउट्स और गाइड्स को पहले अपने, फिर अपने परिवार के लिए उपयोगी होने की सीख दी जाती है और उन्हें अनुशासित और समर्पित तरीके से राष्ट्र की सेवा करने के लिए प्रशिक्षित किया जाता है।

श्री हरिचंदन ने पचमढ़ी, कुल्लू मनाली, दार्जिलिंग, गोवा, लेह-लद्दाख, जम्मू-कश्मीर में आयोजित होने वाले साहसिक शिविरों में छत्तीसगढ़ के स्काउट गाइड की सक्रिय भागीदारी और राज्य सरकार द्वारा उन्हें लगातार सुविधा प्रदान करने पर प्रसन्नता व्यक्त की।  स्कूल शिक्षा एवं उच्च शिक्षा मंत्री तथा छत्तीसगढ़ स्काउट गाइड के अध्यक्ष  बृजमोहन अग्रवाल ने अपने संबोधन में स्वच्छता, शिक्षा और सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूकता लाने के लिए कार्य करने कहा।

कार्यक्रम को संगठन के  राष्ट्रीय उपाध्यक्ष  सत्यनारायण शर्मा और स्वागत भाषण संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने दिया।

छत्तीसगढ़ स्काउट गाइड और युनिसेफ के सहयोग से राज्य के 13 जिलों में ‘तरूण्य वार्ता‘ नामक कार्यक्रम के माध्यम से किशोर-किशोरियो में जागरूकता लाने का कार्य किया जा रहा है। समारोह में राज्यपाल ने इस परियोजना से संबंधित काफी टेबल बुक और वीडियों लॉन्च किया।

समारोह में सर्वश्रेष्ठ स्काउट सर्वश्री आकाश देवांगन, तुषार कुमार, अमन कुमार देवांगन, सर्वश्रेष्ठ गाइड कुमारी आशा साहू, कुमारी छाया साहू, कुमारी प्रभा बरेठ, सर्वश्रेष्ठ रोवर नमन साहू, नीलकमल, सर्वश्रेष्ठ रेंजर कुमारी उन्नति तिवारी, कुमारी उमेश्वरी कवर, स्काउटर विजय कुमार यादव,  गिरीश कुमार पाढ़ी, श्रीमती मधुमाला कौशल और  शहिना परवीन को राज्यपाल ने पुरस्कृत किया। इसी तरह स्काउटर एवं गाइडर को दीर्घ सेवा अलंकरण प्रदान किया गया साथ ही  अशोक कुमार देशमुख और श्रीमती सरिता पाण्डे को मेडल ऑफ मेरिट प्रदान किया गया।

 


अन्य पोस्ट