रायपुर

सचिन का स्वस्तिवाचन के साथ जोशीला स्वागत
11-Jan-2024 4:16 PM
सचिन का स्वस्तिवाचन के साथ जोशीला स्वागत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 जनवरी।
 छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नये प्रभारी सचिन पायलट कल एक दिन के अपने पहले दौरे पर दोपहर रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट प्रदेश पीसीसी के नेताओं, पूर्व मंत्रियों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।  इस दौरान कांग्रेस ने एक पंडितजी के जरिए स्वस्तिवाचन मंत्रोच्चार, रोली बंधन, और श्रीफल भेंट कराकर धार्मिक तरीके का भी उपयोग किया। उनके साथ सचिव सांसद सप्तगिरी उल्का भी आए हैं, लेकिन दो अन्य सचिव डॉ. चंदन यादव, और विजय जांगिड़ नजर नहीं आए। पायलट का एयरपोर्ट से राजीव भवन तक 11 स्थानों पर स्वागत किया गया।  इसकी जिम्मेदारी महिला कांग्रेस अध्यक्ष फूलो देवी नेताम, महापौर एजाज ढेबर, शहर अध्यक्ष गिरीश दुबे समेत 15 नेताओं को दी गई थी। युकां नेता पायलट को बाइक रैली के साथ लेकर राजीव भवन तक पहुंचे। पायलट ने राजीव भवन में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक ली। रात्रि विश्राम के बाद वे कल प्रदेश चुनाव समिति की बैठक करेंगे।

उनके स्वागत के जरिए विस में हार के बाद  कांग्रेस लोकसभा चुनावों से पहले ताकत दिखाना चाहती है। उनके स्वागत के लिए नेता प्रतिपक्ष डॉ चरण दास महंत, पीसीसी चीफ दीपक बैज,अधिकांश पूर्व मंत्री,विधायक पदाधिकारी,सभी मोर्चा, विभागों के नेता एयरपोर्ट पहुंचे। राजधानी के 15 जगहों पर भी कार्यकर्ताओं ने मंच बनाकर सचिन का स्वागत किया। एयरपोर्ट से राजीव भवन तक सडक़ के दोनों और होर्डिंग, बैनर पोस्टर लगाए गए ।

सचिन कांग्रेस की फ्लाइट क्रैश करा चुके हैं-मंत्री

सचिन पायलट के प्रवास पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि पायलट कांग्रेस की फ्लाइट राजस्थान में क्रैश करा चुके हैं। राजस्थान के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस की फ्लाइट भी क्रैश होगी। भाजपा प्रवक्ता संदीप शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की टूटी नाव चलाने पायलट बुलवाया है कांग्रेस ने।और वह भी उस पायलट है जो अपने राज्य में कई बार कांग्रेस के उड़ते प्लेन को खींचकर पटक चुकी है। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व तय कर लिया है कि वह प्रभु श्री राम के प्राण प्रतिष्ठा में शामिल नहीं होंगे अब छत्तीसगढ़ के कांग्रेसी बताएं कि उनकी आस्था सोनिया दाई पर है कि प्रभु श्री राम पर।

प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने भी कहा कि कांग्रेस का राम मंदिर न जाना सबसे बड़ा प्रमाण कांग्रेस राम विरोधी है मंदिर बनने से देश खुश कांग्रेस निराश।जनता माफ नही करेगी। उज्ज्वल दीपक ने ट्वीट किया कि आज सचिन पायलट छत्तीसगढ़ आ रहे हैं । खूब सारे असंतुष्टों को मनाने हेतु उनसे ज्यादा असंतुष्ट नेता को प्रभारी बनाया गया है ।मास्टरस्ट्रोक है ये हाइकमान का । लंबे समय तक असंतुष्ट होने का अनुभव साझा करेंगे सचिन पायलट जी और सबको बतायेंगे की कांग्रेस पार्टी में असंतुष्ट होने के बावजूद खून का घूँट पीकर कैसे रहा जाता है । वैसे उन्हें मार्गदर्शन मिलेगा अपने से ज्यादा अनुभवी टीएस सिंहदेव जी का। दोनों के साथ धोखा हुआ है। देखकर रहिएगा सचिन जी। पिछले वालों को बड़ा बेइज्जत किया गया है । चुनाव में टिकट के लिए पैसे के लेन देन से लेकर हीरोइन बनकर सैर सपाटा करने तक का इल्ज़ाम लगा दिया गया था ।


अन्य पोस्ट