रायपुर

हत्या के बाद महादेवघाट रोड से हटाए गए अवैध कब्जे
10-Jan-2024 6:29 PM
हत्या के बाद महादेवघाट रोड से हटाए गए अवैध कब्जे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 10 जनवरी। रविवार को महादेव घाट नाबालिग लडक़े की हत्या के बाद नदी रोड पर हुए सभी अवैध ठेले, गुमटियों पर निगम और डीडी नगर पुलिस ने जमींदोज किया। बताया जा रहा है कि इन ठेलों,गुमटियों में ही असामाजिक तत्वों,गुंडे बदमाशों और नशेडिय़ों का जमावड़ा रहता था। यह पूरा इलाका अड्डे बाजों का  हो गया था। जोन क्रमांक 8 के नगर निवेश विभाग की टीम ने  जेसीबी मशीन एवं मजदूरों की सहायता से  महादेवघाट रायपुरा मार्ग में शनि मन्दिर एवं गौठान के समीप  जनअसुविधा उत्पन्न कर रहे ठेलों को हटाया । इन अवैध ठेलों, गुमटियों से अवैध गतिविधियों को किये जाने की जनशिकायत मिली, जिसे तत्काल संज्ञान में लेकर जोन 8 नगर निवेश विभाग की टीम ने कार्यवाही कर अवैध ठेले गुमटियों को हटाया , जिससे आमजनों, राहगीरों,वाहन चालकों को यातायात जाम से तत्काल राहत मिली एवं यातायात पूरी तरह सुविधाजनक हो गया. इस तरह प्राप्त जनशिकायत का जोन नगर निवेश विभाग द्वारा त्वरित निदान किया गया।


अन्य पोस्ट