रायपुर

क्रेडा की योजनाओं को अधूरा छोडऩे वाली एजेंसियों को नोटिस, राणा के निर्देश
10-Jan-2024 2:42 PM
क्रेडा की योजनाओं को अधूरा छोडऩे वाली  एजेंसियों को नोटिस, राणा के निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 जनवरी।
नव नियुक्त  सीईओ  राजेश सिंह राणा ने क्रेडा की  सौर सुजला योजना, जल जीवन मिशन, इंदिरा गांव गंगा योजना, सोलर हाईमास्ट, बायोगैस योजनाओं की प्रगति परखी। 

उन्हें बताया गया कि प्रदेश के खेतों में सिंचाई सुविधा वाली सौर सुजला योजना के तहत् अब तक स्थापित 1,52,926 संयन्त्रों से   1,83.511 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित हो रही है। इस वित्तीय वर्ष में 5985 संयंत्रों की स्थापना का कार्य प्रगति पर  है, जिससे 7182 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होगी। इन स्थापित पम्पों से प्रतिवर्ष लगभग 7 लाख  टन कार्बन उत्सर्जन में कमी हो रही है।जिन इकाईयों के द्वारा कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है एवं लक्ष्य के विरुद्ध 60 फीसदी से कम प्रगति वाली इकाईयों को नोटिस जारी करने तथा कॉल सेन्टर में लंबित शिकायतों को निराकृत करने हेतु निर्देश दिये गये हैं।

सौर सामुदायिक सिंचाई योजना के माध्यम से नदी, एनीकटों में उपलब्ध सतही जल को आसपास के कृषि भूमि में सिंचाई हेतु जल उपलब्ध कराया जाता है। अब तक इस योजनान्तर्गत कुल 229 कार्य पूर्ण किये जा चुके हैं, जिससे लगभग 2682 कृषक लाभान्वित हुए हैं एवं 2814 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित हुई है।

इंदिरा गांव गंगा योजना के माध्यम से अब तक कुल 33 कार्य पूर्ण हुए हैं, और  48 तालाब भरे गये हैं एवं 25 कार्य प्रगतिरत् हैं।
जल जीवन मिशन योजनान्तर्गत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सहयोग से क्रेडा द्वारा  7601 सोलर पम्पों की स्थापना की  जा चुकी है। तथा 3367 संयंत्रों की स्थापना का कार्य प्रगतिरत् है तथा 188 सर्वे हेतु लंबित कार्यों को निरस्त करने तथा 2283 स्थल जहां कार्य शुरू नहीं किया गया है, उन इकाईयों को नोटिस के निर्देश दिए गए हैं।

प्रदेश में ऊर्जा संरक्षण कार्यक्रम अंतर्गत  स्कूलों में अधिक से अधिक ऊर्जा क्लबों के गठन एवं क्रेडा के ऊर्जा पार्क में जागरूकता कार्यक्रम के प्रस्ताव प्रस्तुत करने कहा है। राणा ने पूर्व में स्थापित अकार्यशील बायोगैस  संयंत्रों को यथाशीघ्र शुरू करने कहा न।
 


अन्य पोस्ट