रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 जनवरी। सामान्य प्रशासन विभाग छग शासन ने मंत्रियों के निज सचिव, निज सहायक और ओएसडी की नियुक्ति की है. सूचना आयुक्त मनोज शुक्ला को शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के निज सचिव, सौरभ श्रीवास्तव सहायक महाप्रबंधक, छग राज्य अंत्यवसायी वित्त एवं विकास निगम को खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल के निज सचिव नियुक्त किए गए हैं।
ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी रश्मि भारती तिवारी को श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन सहायक ग्रेड-3, रमेश कुमार सिंह सहायक ग्रेड-3 और अपर कलेक्टर आशुतोष पाण्डेय को विशेष सहायक डिप्टी कलेक्टर संजय कुमार मरकाम को स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल की निजी स्थापना में ओएसडी के पद पर पदस्थ किया गया है।
प्रकाश चन्द्र कोरी संयुक्त कलेक्टर को विशेष सहायक टीआर साहू, ओएसडी, संतोष कुमार यदु डॉटा एण्ट्री ऑपरेटर, मंत्रीअग्रवाल के निज सहायक के पद पर नियुक्त किया गया है। विकास कार्यालय में प्रमुख अभियंता अरविंद राही को पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय महानदी भवन में ओएसडी पदस्थ किया है।
राजभवन में नये सचिव की नियुक्ति के संकेत
मुख्य सचिव अमिताभ जैन मंगलवार शाम राजभवन तलब किए गए । राज्यपाल हरिचंदन ने चर्चा के लिए बुलाया था। दोनों के बीच करीब आधे घंटे चर्चा हुई।
उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया कि इस दौरान राजभवन में रिक्त पदों पर नई नियुक्ति पर चर्चा हुई । इनमे दो उप सचिव दीपक अग्रवाल , एमपी पटेल के पदों के साथ नए सचिव की भी नियुक्ति के संकेत हैं । अग्रवाल, गरियाबंद कलेक्टर और मंत्रालय कैडर के पटेल के रिटायर होने से पद रिक्त है। वहीं अमृत खलको की जगह भी नई नियुक्ति होनी है। इसके पीछे, पीएससी-21 को कारण माना जा रहा है। इस विवादित परीक्षा में खलको के पुत्र, पुत्री के चयन पर भी उंगली उठाई गई है। सरकार ने इस भर्ती की सीबीआई जांच का फैसला किया है ।
ऐसे में खलको का राजभवन में रहना उचित नहीं माना जा रहा। राज्यपाल ने इस संबंध में भी मुख्य सचिव जैन से चर्चा की । वैसे भी खलको,रिटायरमेंट के बाद संविदा पर कार्य कर रहे हैं। हाल के फेरबदल में खलको को श्रम विभाग से भी मुक्त कर दिया गया है। समझा जा रहा है कि आज शाम होने वाली कैबिनेट की बैठक के बाद श्री जैन ,सीएम विष्णु साय से राज्यपाल की इच्छा से अवगत कराएंगे।
साय सामान्य प्रशासन विभाग के भी प्रभारी है।