रायपुर

कोरोना से परिवार ने इकलौता कमाऊ बेटा खोया, अब बेघर होने की नौबत
09-Jan-2024 6:55 PM
कोरोना से परिवार ने इकलौता कमाऊ बेटा खोया, अब बेघर होने की नौबत

कुछ समाजसेवी मदद के लिए आगे आए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 9 जनवरी। यह एक ऐसा मामला है कि कोरोना से इकलौते कमाऊ बेटे की मौत के बाद कर्ज के बोझतले परिवार को उबारने के लिए कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पहल की है। उन्होंने लोगों से सहयोग राशि जुटाकर परिवार को राहत देने के लिए अभियान चलाया है।

दो साल पहले कटोरा तालाब रहवासी कल्याणी परिवार पर कोरोना का कहर टूटा था। कारोबारी सिद्धार्थ कल्याणी की कोरोना से मौत हो गई। सिद्धार्थ अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। इसके अलावा परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे भी हैं। सिद्धार्थ के गुजरने से परिवार पर न सिर्फ दुखों का पहाड़ टूटा बल्कि रोजी-रोटी की समस्या पैदा हो गई।

कटोरा तालाब में सिद्धार्थ ने बैंक से लोन लेकर घर बनवाया था। करीब डेढ़ करोड़ की वसूली के लिए बैंक की नोटिस जारी हो गई। बच्चों के पढ़ाई छूटने की नौबत आ गई। इसी बीच कुछ समाजसेवियों को घर की माली हालत का पता चला। समाजसेवी अर्जुनदास वासवानी ने परिवार को बेघर होने से बचाने के लिए पहल की है। उन्हें राजकुमार वाडिया अप्पू का समर्थन भी मिला।

दोनों ने मिलकर सिंधी समाज के प्रमुखों और आम लोगों से सहयोग राशि देने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने बैंक का एकाउंट नंबर भी जारी किया है जिसे लोग सीधे बैंक को भेज सकते हैं। 2100 से 21000 रूपए की राशि स्वविवेक से भेज सकते हैं। कई लोगों ने सहयोग राशि भी जमा की है। वासवानी और वाडिया सिंधी समाज के प्रमुख संत युधिष्ठिर लाल और सिंधी पंचायत के लोगों से भी मिल रहे हैं ताकि परिवार को बेघर होने की नौबत न आए।


अन्य पोस्ट