रायपुर

शदाणी दरबार अध्यात्मिक शक्ति का केन्द्र-साय
26-Dec-2023 7:07 PM
शदाणी दरबार अध्यात्मिक शक्ति का केन्द्र-साय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 26 दिसंबर। सीएम विष्णु देव साय का  पूज्य शदाणी दरबार तीर्थ में शदाणी शिरोमण्डल और रायपुर सिंधी समाज द्वारा भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जय-जय सदाराम घोष के साथ कहा कि  शदाणी दरबार अध्यात्मिक शक्ति का केन्द्र है और जो भी यहां सच्चे मन से मत्था टेकता है, उसकी मनोकामना पूरी होती है। शदाणी दरबार के आशीर्वाद से ही मुझ जैसे छोटे कार्यकर्ता को प्रदेश की जिम्मेदारी मिली है। मैं यह प्रार्थना करता हूं कि शदाणी दरबार मुझे इतनी शक्ति दे कि मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा चुनाव के समय की गई गारंटियों को शत्-प्रतिशत पूरा कर प्रदेश की जनता के अटूट विश्वास पर खरा उतर सकूं।

 मुख्यमंत्री ने में दरबार संत सदाराम की समाधि पर जाकर मत्था टेका और धुनी वाले महादेव  की  पूजा-अर्चना की।

संत श्री डॉ. युधिष्ठिर लाल ने कहा कि  प्रदेश की प्रगति और खुशहाली के लिए धर्मानुसार शासन होता है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार आने वाले दिनों में प्रदेश-देश की प्रगति व खुशहाली के लिए और भी बेहतर ढंग से काम करेगी। सभी वर्गों को साथ लेकर समरसता के भाव से उन्नति की ओर अग्रसर होगी।  समाज के युवा प्रतिनिधि अमित चिमनानी ने स्वागत संबोधन में  सीएम साय के संघर्ष पूर्ण जीवन का उल्लेख किया।

शदाणी दरबार तीर्थ में आज दरबार के संस्थापक शिव अवतारी संत शदाराम साहिब की जन्म तिथि पर शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी पर हर महीने चौदस मेले का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर शदाणी दरबार तीर्थ के प्रमुख संत युधिष्ठिर लाल, रायपुर ग्रामीण विधायक  मोतीलाल साहू, शदाणी दरबार तीर्थ के सचिव उदय शदाणी, डॉ. भीष्म शदाणी, सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष ललित जैसिंघ,समाज के विभिन्न फोरम के पदाधिकारी सहित  महिलाएं और श्रद्धालु उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट