रायपुर

पांच वर्ष बाद फिर भाजपा महानदी भवन में
22-Dec-2023 8:04 PM
पांच वर्ष बाद फिर भाजपा महानदी भवन में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 22 दिसंबर। पांच वर्ष के अंतराल बाद एक बार फिर राज्य मंत्रालय में भाजपा सत्तासीन हुई। दोपहर राजभवन में शपथ के बाद सभी मंत्री,मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय  के निर्देश पर महानदी भवन पहुंचे। सभी मंत्रियों ने सीएम से उनके कार्यालय में  मुलाकात की।

मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त मंत्रियों को पुष्पगुच्छ भेंटकर व मिठाई खिला कर बधाई दी। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री द्वय अरुण साव विजय शर्मा मंत्री रामविचार नेताम, बृजमोहन अग्रवाल,  दयालदास बघेल,  केदार कश्यप, लखनलाल देवांगन, श्यामबिहारी जायसवाल, ओपी चौधरी, श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े,  टंकराम वर्मा, उपस्थित रहे। बृजमोहन ने सभी मंत्रियों को मिठाई खिलाई। इसके बाद सीएम ने मंत्रियों के साथ अनौपचारिक बैठक कर कामकाज पर चर्चा की। इसके बाद सभी मंत्री अपने लिए कार्यालयीन कक्ष पसंद किया। बताया जा रहा है कि बृजमोहन और केदार कश्यप अपने पुराने कक्ष में बैठेंगे। शेष मंत्रियों के लिए मंत्रालय ब्लॉक में 1-2-3 मंजिल में कक्ष दिए जाएंगे। सीएम साय, डिप्टी सीएम साव और शर्मा भी रात दिल्ली दौरे पर भी जा रहे हैं।


अन्य पोस्ट