रायपुर
ग्रामीण डाक सेवकों की हड़ताल खत्म कराने अफसर बना रहे दबाव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 दिसंबर। सात सूत्रीय मांगों को लेकर ग्रामीण डाक सेवकों (जी डी एस) की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी है। पहले दिन सोमवार को हड़ताल शतप्रतिशत सफल रही । प्रदेश में कार्यरत 7500 जी डी एस कर्मियों में से शत प्रतिशत हड़ताल पर जाने वाले राज्यों में छत्तीसगढ़ भी शामिल है। इसे देखते हुए डाक अफसर हड़ताल खत्म करने दबाव बनाने लगे हैं।
डाक निदेशक छत्तीसगढ़ दिनेश कुमार मिस्त्री ने बीती शाम जीडीएस के सर्किल सेक्रेटरी राजेश गुरूद्वान से फोन पर चर्चा की । उन्होंने पुरानी मांगों के पूर्ण होने और उसी तरह से सात मांगों पर निर्णय लेने का भरोसा दिलाते हुए काम पर लौटने कहा। गुरूद्वान ने संघ के राष्ट्रीय महासचिव का निर्णय बताते हुए वहां के निर्देश पर वापसी की बात कही । डाक निदेशक ने पूरानी मांगों और जीडीेएस को दिए जा रहे सेवा लाभ संबंधी पत्र जारी किया है । सचिव ने कहा कि हड़ताल भी जारी रहेगी। वहीं आज भी डाक निदेशक ने सर्किल और डिवीजनल सचिवों से आनलाइन चर्चा की । बताया गया है कि संघ ने छत्तीसगढ़ में दो से छमाह पूर्व नव नियुक्त जीडीएस को काम पर लौटने स्वतंत्र कर दिया है।