रायपुर

मंत्रियों का शपथ तय नहीं, स्टाफ सक्रिय, विवाद भी
13-Dec-2023 3:31 PM
मंत्रियों का शपथ तय नहीं, स्टाफ सक्रिय, विवाद भी

भूपेश कैबिनेट के स्टाफ को वापस भेजने ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 दिसंबर।
मंत्रियों का शपथ ग्रहण नहीं हुआ है, लेकिन उनके स्टाफ को लेकर नया विवाद शुरू हो गया है। रमन सरकार के मंत्रियों के स्टाफ में रहे अफसरों-कर्मियों ने लामबंद होकर भाजपा के प्रमुख नेताओं से मुलाकात की, और उनसे आग्रह किया है कि भूपेश सरकार के मंत्रियों के स्टाफ को न रखा जाए, और उन्हें मूल विभाग में भेजा जाए। 

भूपेश सरकार ने काम संभालते ही रमन सिंह, और उनके मंत्रियों के स्टाफ को मूल विभाग में भेजने के आदेश दिए थे। साथ ही यह भी निर्देशित किया था कि मंत्री स्थापना में रहे अफसर-कर्मियों को अपने यहां न रखा जाए, और उन्हें किसी विधायक के यहां भी नहीं रखने के  निर्देश दिए गए थे। 

बताया गया कि करीब दो दर्जन से अधिक अफसर-कर्मी रमन सिंह, और उनके मंत्रियों की स्थापना में काम कर रहे थे। भूपेश सरकार में ये सभी लूपलाइन में रहे। उन्हें अपने विभाग में लौटने के बाद अपेक्षाकृत  महत्वपूर्ण काम नहीं दिया गया था। अब सरकार बदलने के बाद ये सभी अफसर-कर्मी लामबंद हो गए हैं। 

दो दर्जन से अधिक इन अफसर-कर्मियों ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव, और प्रमुख पदाधिकारियों के साथ ही साथ सीनियर विधायकों से जाकर मुलाकात की। उनसे आग्रह किया कि कांग्रेस सरकार के स्थापना में पदस्थ अफसर-कर्मियों को स्थापना में न रखा जाए। उन्होंने ये भी बताया कि पांच साल उनके साथ विभाग में सौतेला व्यवहार किया गया था। कोई महत्वपूर्ण दायित्व नहीं सौंपे गए थे। एक तरह से उन्हें शक की नजर से देखा जाता रहा है। 

भाजपा सरकार आई है, तो पुराने लोगों की वापसी भले ही न हो, लेकिन भूपेश सरकार के मंत्रियों के स्टाफ की सेवाएं न ली जाए। उन्हें  उनके मूल विभाग में भेजा जाना चाहिए। प्रमुख भाजपा नेताओं ने उन्हें भरोसा दिलाया है। 

सीएम सचिवालय में होगा पूरा बदलाव
दूसरी ओर मुख्यमंत्री साय की शपथ के बाद उनके सचिवालय में नई नियुक्तियां तेज होंगी। मुख्यमंत्री के सचिव के साथ-साथ उपसचिव, अवर सचिव से लेकर एसओ तक सभी अधिकारी बदले जाएंगे। अब तक बघेल सरकार में कार्यरत अफसरों को अन्य विभागों में भेज दिया जाएगा। 
 


अन्य पोस्ट