रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 दिसंबर। हार के बाद कांग्रेस नेताओं का संगठन के पदों से भी इस्तीफा देने लगे हैं। पार्टी के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष व लोक गायक दिलीप षडंगी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है । इस्तीफे साथ दिलीप ने पार्टी पर उपेक्षा का आरोप लगाया है। दिलीप पिछले 2018 के चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस में शामिल हुए थे।पेशे से लोक गायक दिलीप संस्कृति विभाग से भी अनुबंधित हैं। जिसके जरिए वे कई आयोजनों में कार्यक्रम करते हैं। उनके इस्तीफे को उसी से जोडक़र देखा जा रहा है । वहीं राज्य शाकंभरी बोर्ड के अध्यक्ष ने भी बोर्ड से इस्तीफा दे दिया है।
उन्होंने अपने त्यागपत्र में लिखा है कि मैं साढ़े पांच वर्ष पहले नौकरी छोडक़र कांग्रेस में कलाकारों की सेवा, एवं कलाकारों के माध्यम से कांग्रेस की सेवा करने पार्टी में प्रवेश किया था।
किन्तु लगातार पांच वर्षो तक मैं कांग्रेस के समर्थन में गाना बनाता रहा, गाता रहा, एवं कलाकारों के सम्मेलन हेतु लगातार प्रयास करता रहा । तद्सम्बन्ध में मुख्यमंत्री, संस्कृति मंत्री, एवं कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं से निवेदन करता रहा किन्तु केवल आश्वासन मिला। किसी प्रकार का सहयोग नही मिला जिस वजह से छत्तीसगढ़ के बहुत सारे कलाकार हमारी पार्टी से एवं हमारे सांस्कृतिक प्रकोष्ठ से दूर होते गए। जिसका खामियाजा भुगतना पड़ा। अत: इस तारतम्य में मैं अपने आपको समस्त दायित्वों सहित कांग्रेस के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं कांग्रेस के प्राथमिक सदस्यता से त्याग-पत्र दे रहा हूँ।