रायपुर

सीएम के नाम पर सस्पेंस, कल तय होने के आसार
07-Dec-2023 4:31 PM
सीएम के नाम पर सस्पेंस, कल तय होने के आसार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नई दिल्ली/रायपुर, 7 दिसंबर।
भाजपा में सीएम के नाम को लेकर मंथन चल रहा है। कहा जा रहा है कि पार्टी हाईकमान शुक्रवार को कोई फैसला ले सकती है। इधर, शपथ ग्रहण को लेकर भी तैयारी शुरू हो गई है। 

प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, और सहप्रभारी नितिन नबीन दिल्ली में हैं। संसद का सत्र चल रहा है। इस बीच में केन्द्रीय नेतृत्व मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, और राजस्थान के सीएम को लेकर विचार-विमर्श कर रहा है। 

पार्टी के एक प्रमुख पदाधिकारी और सांसद ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में बताया कि संभवत: शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के नए सीएम को लेकर चर्चा होगी, और नाम तय कर लिए जाएंगे। रविवार को पर्यवेक्षक आ सकते हैं, और विधायक दल की बैठक में नए सीएम के नाम का ऐलान हो सकता है। 

चर्चा है कि सीएम के लिए पूर्व सीएम डॉ.रमन सिंह का नाम मजबूती से चल रहा है। कहा जा रहा है कि यदि वो खुद नहीं बनते हैं तो उनकी राय अहम होगी। दावेदारों में प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव के साथ-साथ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, रेणुका सिंह, और रामविचार नेताम का नाम प्रमुखता से उभरा है। 

अरूण साव ने सांसद पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके अलावा गोमती साय का भी इस्तीफा मंजूर हो चुका है। रेणुका सिंह के भी इस्तीफे की चर्चा है। कहा जा रहा है कि सीएम के साथ-साथ विधानसभा अध्यक्ष का भी नाम फाइनल किया जाएगा। 

शपथ ग्रहण के लिए तीन जगह चिन्हित
सीएम और मंत्रियों के शपथ ग्रहण के लिए इंडोर स्टेडियम के अलावा साईंस कॉलेज मैदान, और नवा रायपुर के व्यापार विहार को चिन्हित किया गया है। विधायक दल के नेता का चुनाव होने के साथ ही शपथ ग्रहण के लिए स्थल फाइनल कर लिया जाएगा। मौसम खराब रहा तो इंडोर स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है। 

 


अन्य पोस्ट