रायपुर
रायपुर, 5 दिसंबर। आर्च डायसिस के लंबे समय तक विकार जनरल रहे फादर ऑगस्टिन वडकेकरी (74 वर्ष) का सोमवार को निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार बुधवार को किया जाएगा। दोपहर 2 बजे सेंट जोसफ कैथेड्रल में पवित्र मिस्सा के बाद अपरान्ह तीन बजे कैथोलिक कब्रस्थान टिकरापारा में अंतिम संस्कार किया जाएगा। आर्च बिशप विक्टर हैनरी ठाकुर, विकार जनरल फादर सेबेस्टियन पी., पैरिश प्रीस्ट जोस फिलिप, फादर्स, सिस्टर्स, समाजजनों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। स्व. फादर ऑगस्टिन मूलत: केरल के रहने वाले थे। उन्होंने पांच दशकों तक छत्तीसगढ़ में सेवकाई दी। उन्होंने पुरोहित, मुख्य पुरोहित, स्कूल मैनेजर, समाज कल्याण निदेशक के रूप में काम किया। प्रदेश में ग्रामीण महिलाओं व बच्चों के उत्थान के लिए योजनाएं बनाईं। उन्होंने रायपुर में सेंट जोसफ कैथेड्रल, सेंट मेरीस चर्च टाटीबंध, कुम्हारी, भिलाई, पावरहाउस, बिलासपुर कवर्धा, जयरामनगर चर्चों में भी सेवकाई दी। वे कलीसियाओं की आत्मिक उन्नति के लिए समर्पित रहे।