रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 दिसंबर। राजधानी सहित प्रदेश के मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया है। मौसम हुए इस बदलाव से प्रदेश के कई जिलों में मंगलवार को कई जगहों पर बारिश हुई। दिन के तापमान में भी गिरावद देखने को मिला है। रायपुर, धमतरी सहित आसपास के कई जिलों में मंगलवार सुबह से बारिश का दौर जारी है।
वहीं मंगलवार पांच दिसंबर को बस्तर संभाग में भारी बारिश की संभावना है। भारी बारिश के साथ ही बस्तर क्षेत्र में तो 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलने की उम्मीद है। इसके साथ ही प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी हल्की बारिश होगी। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि सप्ताह में अन्त तक मौसम खुलने की उम्मीद है और उसके बाद ठंड में और ज्यादा बढ़ोतरी होगी।
बादल छाने व बारिश के चलते अधिकतम तापमान में तो काफी गिरावट की उम्मीद है,हालांकि न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। चक्रवाती तूफान मिगजौम के प्रभाव से होने वाली इस बारिश के कारण खड़ी फसल के साथ ही कच्चे मकानों को नुकसान की आशंका है। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि मौसम का मिजाज अभी चक्रवाती तूफान के प्रभाव से अगले तीन दिन ऐसा ही बना रहेगा।
2 मिमी बारिश
सोमवार से रायपुर सहित प्रदेश भर में सुबह से ही बादल छाए रहे और दिनभर बादल छाने के साथ ही मंगलवार की सुबह हल्की बारिश हुई है। पूर्वान 11.30 बजे तक राजधानी में 2 मिमी बारिश दर्ज की गई। खाड़ी से आने वाली ठंडी हवाओं के चलते इन दिनों ठिठुरन और ज्यादा बढ़ गई है। ठिठुरन से बचने लोग ऊनी कपड़ों का सहारा ले रहे है। इसके चलते गर्म कपड़ों के स्टालों में अब ग्राहकों की भीड़ भी दिखने लगी है। गर्म कपड़ों पर अभी उपभोक्ताओं को 20 फीसद तक की छूट मिल रही है। मोतीबाग, पंडरी, आमापारा, संतोषीनगर, टिकरापारा सहित कई क्षेत्रों में गर्म कपड़ों के स्टाल लगे हुए है।