रायपुर

ढेबर को कुर्सी से उतारने भाजपा और निर्दलीय पार्षद एकजुट
05-Dec-2023 3:47 PM
ढेबर को कुर्सी से उतारने भाजपा और निर्दलीय पार्षद एकजुट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 दिसंबर।
मेयर एजाज ढेबर के खिलाफ भाजपा के पार्षदों ने मोर्चा खोल दिया है। इस कड़ी में मंगलवार को नगर निगम सभा भवन में पार्षदों की बैठक हुई है, और अविश्वास प्रस्ताव लाने पर विचार किया गया। कहा जा रहा है कि पार्षद एक-दो दिन में कलेक्टर को मेयर के खिलाफ ज्ञापन देकर सम्मिलन बुलाने की मांग कर सकते हैं। 

नगर निगम की सभा में कांग्रेस को बहुमत है। अविश्वास प्रस्ताव पारित करने के लिए 47 पार्षदों की जरूरत है। मगर भाजपा पार्षदों की कुल संख्या 31 है। निर्दलीय पार्षदों को मिलाकर अधिकतम 35 हो सकते हैं। ऐसे में मेयर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित कराना मुश्किल है। 

बावजूद इसके प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने से पहले ही नगर निगम में सत्ता परिवर्तन के लिए भाजपा पार्षदों ने जोर लगा दिया है। नगर निगम सभा भवन में विपक्ष की नेता मीनल चौबे ने बैठक बुलाई है। इस बैठक में समाचार मिलने तक 19 पार्षद ही मौजूद थे। हालांकि पार्षदों के आने का क्रम जारी था। 

चर्चा है कि भाजपा पार्षद कुछ असंतुष्ट पार्षदों के संपर्क में हैं। कांग्रेस से निष्कासित अजीत कुकरेजा भी मेयर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की मुहिम में लगे हैं। कुकरेजा को कुछ और पार्षदों का समर्थन हासिल है। 

कहा जा रहा है कि पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और राजेश मूणत भी अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में हैं। मगर संख्या बल को देखकर उन्होंने अभी तक कुछ नहीं कहा है। कांग्रेस के सीनियर पार्षद अभी पूरी तरह एजाज ढेबर के साथ दिख रहे हैं। प्रदेश में सरकार के गठन के बाद नगर निगम में हलचल तेज होने के आसार दिख रहे हैं। 


अन्य पोस्ट