रायपुर
चौपाटी हटाने छात्राओं ने किया था प्रदर्शन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 दिसंबर। सालेम गर्ल्स स्कूल की छात्राओं ने सोमवार शाम सडक़ पर प्रदर्शन किया था। वे स्कूल की दीवार से लगकर रोज शाम आमलेट, चिकन और मीट के फास्ट फूड की दुकानों का विरोध कर रही थी। उनकी मांग थी कि इन दूकानों को बेदखल किया जाए। आज मंगलवार सुबह पुलिस और निगम का अमला बुलडोजर लेकर वहां पहुंचा, और दूकानदारों को खाली करने की चेतावनी दी। इस दौरान सभी दूकानदार अमले से हुज्जत पर उतर आए।
अधिकारियों ने दूकान लगाने की लिखित अनुमति मांगी, लेकिन एक भी दूकानदार पेश नहीं कर पाया। स्कूल की छात्राओं और शिक्षकों का कहना है कि रोजाना दोपहर तीन बजते ही युवक झुंड में जुटते हैं। और जोर जोर से बातें,और गाली गलौज भी करते हैं। इससे दोपहर तीन बजे के बाद के कालखंड की पढ़ाई पर खासा असर पड़ता है। ये दुकानें स्कूल के सामने से लेकर स्टेडियम की गली तक लगती हैं । इस ओर भी मीट-मटन की दुकानें लगती हैं । कुछ लोगों ने तो दुकानों के सीमेंट, ईंट से पक्का कर लिया था । जो किसी रेस्टोरेंट से कम नहीं इस पूरे इलाके को चिकन चौपाटी का नाम भी दे दिया गया था। इसका विरोध करते हुए छात्राओं और शिक्षिकाओं ने सडक़ पर रैली निकालकर लोगों का ध्यानाकृष्ठ किया। छात्राएं दीवार से लगी इन दुकानों को हटाने कि मांग कर रहीं थीं। अब निगम और जिला प्रशासन, पुलिस के लोग ही बताएं कि इन दुकानों को अनुमति किसने दी। निगम में सत्तारूढ़ पदाधिकारियों की अघोषित शह और अनुमति से ये दुकानें खोली गई है। अधिकांश दुकानदार पास के ही मोहल्लों के रहने वाले हैं। निगम के इन पदाधिकारियों के दबदबे की वजह से जिला और पुलिस के अफसर भी कुछ नहीं कर पा रहे थे। इन दुकानों में जुटने वाले युवकों को पास ही स्टेडियम पुलिस चौकी के स्टाफ का भी डर नहीं रह गया था। इससे पहले मोती बाग के शिवमंदिर की ओर की सडक़ पर चना मटर भेल के ठेले लगते रहे। इन चिकन दुकानदारों के दबाव में आकर निगम और प्रशासन की इन ठेले वालों को वहां से भगाने में भूमिका रही है। इनसे शुल्क वसूला जाने लगा कि ठेले वालों को वहां से जाने मजबूर किया गया । बताया जा रहा है कि इन ठेले वालों से किचन दुकादारों की आय पर असर पड़ रहा था। इसलिए उन्होंने निगम के प्रमुख पदाधिकारियों की मदद से दबाव बनाकर उन्हें बेदखल कराया।
कानून का राज चलेगा
रायपुर दक्षिण विधायक बृजमोहन अग्रवाल एक्शन में आ गए है। बीती रात उनके निर्देश पर छोटापारा और बैजनाथ पारा की दुकानें पुलिस ने रात 10:30 बजे ही बंद करा दी गई। अब तक ये दूकानें रात 3 बजे तक खुली रहती थी। बृजमोहन ने साफ कह दिया है कि रायपुर शहर में अब गुंडाराज नहीं कानून का राज चलेगा। गुंडागर्दी करने वाले, नागरिकों को परेशान करने वाले सलाखों के पीछे जाएंगे।
उन्होंने कहा कांग्रेस राज में रायपुर के छोटा पारा और बैजनाथ पारा एक तरह से अपराधियों का गढ़ बन गया था। यहां की दुकानें देर रात तक गुलजार रहती थी। ऐसा इसलिए क्योंकि कांग्रेस सरकार के सबसे ताकतवर लोगों का यह इलाका था, यहां उनके गुर्गों की धमक थी। बेखौफ अपराधियों का यह ठिकाना रहता था। इस वजह से क्षेत्र की आम जनता त्रस्त थी। उनकी शिकायतों को कांग्रेस सरकार के दबाव में पुलिस नजर अंदाज करती थी। बृजमोहन अग्रवाल ने भी इस विषय पर कई दफा पुलिस प्रशासन के समक्ष अपनी आपत्ति जताई थी। किंतु कोई कार्रवाई नहीं की गई थी।
बृजमोहन ने कहा कि भाजपा की सरकार में लोगों की सुरक्षा का ख्याल रखना हमारा पहला कर्तव्य है। इन बढ़े अपराधों को रोककर लोगों के मन में सुरक्षा का भाव पैदा करना बेहद जरूरी।
