रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 नवंबर। तेइस वर्ष पूर्व बने छत्तीसगढ़ राज्य की छठवीं विधानसभा के गठन के लिए सचिवालय ने तैयारी शुरू कर दी है । पांचवी विधानसभा का विघटन और छठवीं के गठन के लिए 90 विधायकों के निर्वाचन की अधिसूचना 5 दिसंबर को जारी कर दी जाएगी। इसके बाद 6 जनवरी तक गठन किया जाना है ।
इसके विधायकों का शपथ सत्र 20 दिसंबर के बाद आहूत किया जा सकता है। इससे पहले विस सचिवालय में 4 दिसंबर से नव निर्वाचित विधायकों के लिए स्वागत सेल काम करने लगेगा। जहां विधायक, सदस्यता पुस्तिका में हस्ताक्षर कर अपने लिए दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ले सकेंगे। इनमें शासकीय आवास, सुरक्षा गार्ड, वाहन खरीदी के लिए ब्याज मुक्त कर्ज, ट्रेन और प्लेन के मुफ्त पास आदि शामिल हैं।
पेंशन की प्रक्रिया पूरी करने पूर्व विधायकों को भी आना होगा
वहीं, चुनाव में पराजित और टिकट हासिल करने में असफल विधायक भी विघटन के दिन से ही पूर्व हो जाएंगे। उन्हें भी यहां आकर अपने नो ड्यूस और पेंशन के लिए प्रक्रिया पूरी करनी होगी। कांग्रेस ने 22 भाजपा ने 2 विधायकों की टिकट काटा हैं। ये तो पूर्व हो गए हैं वहीं तीन दिसंबर के नतीजे बताएंगे और कितने पूर्व होंगे। इससे पहले ये दोनों भत्ते नहीं मिलते थे। उन्हें केवल चिकित्सा भत्ता के रूप में 15 हजार रुपए की राशि प्रति माह मिलती थी। इस तरह से सरकार पर 16 करोड़ 96 लाख रुपए का वित्तीय भार उठा रही है। पूर्व विधायकों के रेल और हवाई यात्रा भत्ता (बोर्डिंग सहित) बढ़ा दिया गया है। इन्हें चार लाख से बढ़ाकर पांच लाख रुपए मिलेंगे।
इतना पेंशन मिलेगा पूर्व विधायकों को
आपके, हमारे दिए टैक्स से पूर्व विधायक बिना किसी कार्य के घर बैठे 58 हजार का पेंशन जीवन पर्यंत पाएंगे। बीते बजट सत्र में ही पारित विधेयक के मुताबिक पूर्व विधायकों की पेंशन 23 हजार 300 रुपए बढ़ा दी गई है। इसके बाद पूर्व विधायकों की पेंशन 58 हजार 300 रुपए प्रतिमाह हो जाएगी। वर्तमान में इन्हें हर महीने 35 हजार रुपए पेंशन मिलती है। वहीं वरिष्ठता के आधार पर पेंशन में हर साल वृद्धि होते रहती है।बता दें कि 2020 से पहले पूर्व विधायकों को 20 हजार रुपए प्रतिमाह पेंशन मिलती थी। इस विधेयक में पूर्व विधायकों को टेलीफोन भत्ता 10 हजार रुपए और अर्दली भत्ता 15 हजार रुपए प्रतिमाह भी मिलेगा ।