रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 नवम्बर। उत्तर छत्तीसगढ़ कड़ाके की ठंड की ओर बढ़ रहा है। यहां के सभी प्रमुख शहरों में रात का तापमान 10-12 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा है। वहीं पूरा दक्षिणी इलाके में न्यूनतम तापमान 17-22 डिग्री दर्ज किया गया है। बीती रात दंतेवाड़ा में तापमान 22.2 डिग्री रहा। दूसरी ओर बीजापुर और दंतेवाड़ा में कहीं कहीं और सुकमा के अधिकांश. स्थानों में बारिश भी दर्ज की गई।
मौसम विभाग से बताया गया है कि एक पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में मध्य क्षोभमंडल पर 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर 58 डिग्री पूर्व तथा 28 डिग्री उत्तर में स्थित है। इसके प्रभाव से हवा की दिशा पूर्ववत पूर्वी बने रहने तथा नमी की मात्रा बढऩे की संभावना है। इसके कारण प्रदेश में न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है किंतु हल्की वृद्धि संभावित है। प्रदेश में कल 26 नवंबर को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना बनी हुई है। पिछले तीन दिनों की तरह कल भी वर्षा का क्षेत्र मुख्यत: दक्षिण बस्तर रहने की संभावना है।