रायपुर

हड़ताल पर क्यों गए, नहीं मिलेगा उच्च शिक्षा के लिए अध्ययन अवकाश
25-Nov-2023 3:39 PM
हड़ताल पर क्यों गए, नहीं मिलेगा उच्च शिक्षा के लिए अध्ययन अवकाश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
रायपुर, 25 नवम्बर।
संचालनालय स्वास्थ्य सेवायें ने  नर्सिंग स्टाफ को उच्च शिक्षा के लिए अध्ययन अवकाश रद्द कर दिया है। इसे लेकर नर्सिंग स्टाफ संघ विरोध पर उतर आया है। बताया जा रहा है कि सितंबर अक्टूबर में 24 दिनों की हड़ताल से नाराज आयुक्त और विभाग ने रोक लगा दी है ।

वैसे यह सुविधा कोरोना काल से ही स्थगित की गई थी। नर्सिंग स्टाफ का कहना है कि हड़ताल में तो डॉक्टर भी रहे हैं । ऐसे करीब 13 डॉक्टर्स को एक अक्टूबर को  अनुमति दी गई है । जो भेदभाव पूर्ण रवैया  माना जा सकता है । नर्सिंग स्टाफ संघ की अध्यक्ष रीना राजपूत ने कहा कि इस रोक के खिलाफ कुछ स्टाफ नर्स कोर्ट में भी गई थी। कोर्ट ने कहा था कि किसी भी व्यक्ति को उच्च शिक्षा के अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता । लेकिन आयुक्त उसका भी पालन नहीं कर रहे। इस संबंध में आयुक्त ने पत्र जारी कर कहा है कि ।

याचिकाकर्ताओं के अभ्यावेदन पर विचार करते हुए निर्णय लिया गया है कि- कर्मचारियों के लंबे समय तक हड़ताल में रहने के कारण जन स्वास्थ्य सुविधाओं पर व्यापक असर हुआ है, साथ ही राज्य में विधानसभा चुनाव तथा आगामी लोकसभा चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए. व्यापक जनहित प्रभावित न हो, इसलिए इस वित्तीय वर्ष / शैक्षणिक वर्ष में हड़ताल में शामिल किसी भी कर्मचारियों को उच्च शिक्षा अध्ययन की अनापत्ति दिया जाना उचित नहीं है। और  अभ्यावेदन अमान्य किया जाता है। इस फैसले से आयुक्त ने सभी संभागीय संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य  उप संचालक, विधि, सीएमएचओ सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षकों के साथ ज्योति पैकरा , श्रीमती सुअंजली एलसा लकड़ा,श्रीमती गायत्री पैकरा (सभी  कोरिया) को भी अवगत कराया है। रीना राजपूत ने इस मामले में अपनी सबसे बड़े संगठन अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन के नेतृत्व से हस्तक्षेप कर अनुमति दिलाने का आग्रह किया है ।

रीना का कहना है कि हड़ताल में हमारी प्रमुख मांगों मे भी यह शामिल था। मिली जानकारी के अनुसार डी एच एस हर जिले से दो, और हर मेडिकल कॉलेज (कुल 10 कॉलेज हैं) से भी दो अनुमति देने का प्रावधान है।  लेकिन अफसर अनुमति नहीं दे रहे। राजधानी के मेकाहारा में 120 नियमित नर्स हैं और 300 दैवेभो स्टाफ ।  उच्च न्यायालय बिलासपुर ने   21 सितंबर को दिए आदेश में  में याचिकाकर्ताओं के अभ्यावेदन पर पुन: विचार कर, नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिये थे। 

कोर्ट से आदेश आने के बावजूद भी महीनों से नर्सेस भटक रही हैं।अनेकानेक पत्राचार किए गए नर्सेस यूनियन की तरफ से भी व्यक्तिगत भी। लेकिन किसी भी उच्च अधिकारी द्वारा  पहल नहीं की जा रही है । एडमिशन की डेट निकलती जा रही और  लोगों की कोशिशें नाकाम हो रहीं है। कुछ ने तो एनओसी की प्रत्याशा में एडमिशन लेकर कॉलेजों में हजारों की फीस भी जमा कर दी। 
 


अन्य पोस्ट