रायपुर

सैलजा के नाम फर्जी पत्र, साव और भाजपा पर एफआईआर
16-Nov-2023 4:20 PM
सैलजा के नाम फर्जी पत्र, साव  और भाजपा पर एफआईआर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 नवंबर। 
चुनाव में कांग्रेस पार्टी का नुक़सान करने की दृष्टि से दुष्प्रचार करने एक फर्जी पत्र जारी करने को लेकर सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

टीआई ने बताया कि इस शिकायत पर धारा 469, 171-जी के तहत मामला दर्ज किया गया। पीसीसी महासचिव मलकीत सिंह गैदू ने थानेदार के नाम पत्र में कहा है कि अभी अभी हमारे संज्ञान में आया है कि कांग्रेस की प्रभारी महासचिव कुमारी सैलजा के फज़ऱ्ी लेटरहेड पर एक फज़ऱ्ी पत्र सोशल मीडिया पर प्रसारित और प्रचारित किया जा रहा है।

यह पत्र तथाकथित रूप से  पार्टी के प्रभारी महासचिव केसी वेणुगोपाल को लिखना बताया जा रहा है। इसमें चुनाव के परिणामों को लेकर एक मनगढंत आकलन किया गया है और प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल  के नाम से भी दुष्प्रचार किया जा रहा है।

हमें शक है कि यह कारनामा भाजपा के नेताओं और पार्टी का चुनाव प्रचार संभाल रही कंपनी ‘वराहे’ ने  ही अंजाम दिया गया है, क्योंकि इस तरह के कुत्सित प्रयास और हथकंडे भाजपा ही अपनाती रही है।पिछले चुनाव में भी भाजपा के नेताओं की ओर से ऐसा ही एक फर्ज़ी पत्र मतदाताओं को भ्रमित करने के लिए जारी किया गया था।इस पत्र को लेकर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं में बहुत नाराजग़ी है। अनुरोध है कि  प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव और उनकी प्रचार कंपनी वराहे और उनके छत्तीसगढ़ का कामकाज संभाल रहे रंगेश श्रीधर और श्रेयस भारद्वाज के ख़िलाफ़ तुरंत प्राथमिकी दर्ज की जाए और तुरंत इसे रोकने की कार्रवाई की जाए।कृपया सार्वजनिक रूप से यह दिशा निर्देश भी जारी किए जाएं कि इसका प्रचार प्रसार करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट