रायपुर

जब महंत ने विजयी भव का आशीर्वाद दिया
15-Nov-2023 6:50 PM
जब महंत ने विजयी भव का आशीर्वाद दिया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 15 नवंबर। रायपुर दक्षिण के दो प्रत्याशी आज लाखेनगर चौक पर आमने सामने हुए। एक ने दूसरे को विजयी भव का आशीर्वाद दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आप पार्टी के प्रत्याशी विजय झा अपने घर से निकलकर प्रचार के लिए लाखेनगर, सुंदर नगर की ओर जा रहे थे। और कांग्रेस प्रत्याशी महंत रामसुंदर दास विपरीत दिशा से आ रहे थे । दोनों के काफिले चौक पर आमने सामने हुए । झा,अपनी जीप से उतरकर सीधे महंत जी के पास पहुंचे। पैर छूकर आशीर्वाद मांगा। महंत रामसुंदर दास पसोपेश में पड़े और पीठ पर हाथ फेरा। इस पर झा ने आशीर्वचन मांगा । महंत ने दो उंगलियों से विक्ट्री का निशान बनाया और विजयी भव कहा। झा ने आभार जताते हुए कहा आप संत का आशीर्वाद मिला, मैं जीत गया। महंत जी हंसकर रवाना हो गए। इससे पहले गुजराती समाज के दीपावली मिलन कार्यक्रम में उत्तर के प्रत्याशी कुलदीप जुनेजा, पुरंदर मिश्रा, और अजीत कुकरेजा ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए अपने लिए वोट मांगा।


अन्य पोस्ट