रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 नवंबर। गोरखपुर यूपी से भाजपा सांसद रवि किशन ने राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने केवल प्रदेश को लूटने का काम किया है। भाजपा सरकार बनते ही बाबा का बुलडोजर छत्तीसगढ़ में भी चलेगा।
उन्होंने भाजपा के घोषणा पत्र के वादों को दोहराते हुए कहा कि तीन दिसंबर को सरकार बनते ही 18 लाख गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलेगा। कैबिनेट की पहली बैठक में ही प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए राशि जारी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि हम हर घर में नल से जल पहुंचाने का काम करेंगे। साथ ही हम प्रत्येक विवाहित महिला को हर वर्ष 12,000 रुपये देंगे।
महादेव सट्टा एप के मामले को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोगों ने महादेव भगवान को भी नहीं छोड़ा। सरकार बनते ही बाबा का बुलडोजर छत्तीसगढ़ में भी चलेगा।
रविकिशन ने कहा है कि आज आप गूगल में टाइप कीजिए 508, जवाब आएगा- भूपेश बघेल। जनता समझ चुकी है कि भूपेश बघेल मतलब 508। महादेव एप के सूत्रधार ने खुलासा कर दिया है कि उसने भूपेश बघेल को 508 करोड़ रुपए दिए। महादेव एप के सूत्रधार शुभम सोनी के सनसनीखेज खुलासे की चर्चा करते हुए सीधे तौर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर हमला बोलते हुए भाजपा सांसद रविकिशन ने कहा कि महादेव एप के तार सीधे मुख्यमंत्री और उनके नजदीकियों से जुड़े हैं।
रविकिशन ने भूपेश सरकार के घोटालों की चर्चा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के इन घोटालों की बदनामी तो बॉलीवुड में भी पहुँच गई है। रेल से रायपुर आते समय एक फिल्म निर्माता ने फोन पर उनसे (श्री रविकिशन से) कहा कि हमें अब लंबे समय तक कहानियों की जरूरत नहीं पड़ेगी क्योंकि छत्तीसगढ़ के घपलों-घोटालों की ढेरों कहानियाँ हमारे पास पहुँच गई है। लबरा राजा शीर्षक से बनी एक वेब सीरीज के कुछ अंशों का प्रदर्शन कर भाजपा सांसद ने कहा कि एक फिल्म निर्माता ने इस पर सीरीज बनाई है जो छत्तीसगढ़ में काफी देखी जा रही है।
श्री रविकिशन ने कहा कि अब हमारा स्पष्ट कहना है कि यह जो शुरुआती 5,000 करोड़ रुपए का महादेव एप घोटाला है जिसके जरिये छत्तीसगढ़ की जनता को लूटा गया है भाजपा सांसद ने कहा, मैं बाबा की नगरी गोरखपुर से बाबा का स्पष्ट संदेश लेकर आया हूँ कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनते ही भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदेश के पैसा लूटने वालों के खिलाफ बुलडोजर चलेगा।