रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 नवंबर। प्रदेश में ठंडी और शुष्क हवाओं का उत्तर से आना लगातार जारी है। हल्के फुल्के बादल तो रहेंगे लेकिन बारिश की संभावना बिल्कुल नहीं है। वहीं दीपावली के दूसरे दिन से ठंड में अच्छी खासी बढ़ोत्तरी होगी। इस तरह से दीपावली साफ सुथरे मौसम में मनेगी। प्रदेश में कल 7 नवंबर को मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
इससे पहले सोमवार को दिन का तापमान पूरे प्रदेश में गर्म ही रहा । इनमें दंतेवाड़ा, राजनांदगांव, रायपुर और महासमुन्द में पारा 32-33 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा।
केवल बीजापुर को छोड़ पूरे प्रदेश में आसमान पूरी तरह से साफ है। बीजापुर में बीती रात से सुबह तक पांच मिमी बारिश दर्ज की गई। उत्तरी हवाओं के कारण शेष छत्तीसगढ़ में रात का तापमान 20 डिग्री से कम हो चुका है। बीती रात कोरिया में 12.9 बलरामपुर में 13.4, और सरगुजा में 14.4 दर्ज किया गया। वहीं दक्षिण इलाके में दंतेवाड़ा, बीजापुर, बस्तर में पारा 21 से 23 डिग्री पर रहा। मध्य छत्तीसगढ़ के सभी शहरों में रात 19 से लेकर 16 डिग्री ठंड में गुजरी।