रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर/ बिलासपुर, 7 नवंबर। अनियमित कर्मचारियों के नियमितीकरण का मुद्दा इस बार किसी पार्टी के घोषणापत्र में भले न हो,लेकिन 2,63,000 संख्याबल वाले एक कर्मचारी संघ ने भाजपा को समर्थन देने का लिखित वादा किया है।
छत्तीसगढ संयुक्त अनियमित कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रवि गढ़पाले ने एक बयान में सभी अनियमित कर्मचारियों को परिवार संबोधित करते हुए कहा है कि समस्त अनियमित, प्लेसमेंट, संविदा, दैनिक वेतन भोगी, मानदेय, जॉबदार, अंशकालीन, ठेका, छंटनी कर्मचारी / अधिकारी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को अपना वोट दें।
2018 के चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने अपने जन घोषणा पत्र में हमसे नियमितिकरण, आउटसोर्सिंग पूर्णता बंद और छटनी ना करने का वादा किया था। पूरे 5 वर्ष बीत जाने के बाद भी नियमितिकरण नहीं हुआ, न 20,000 से अधिक नौकरी से निकाले गये साथियों की बहाली हुई और ना ही शासकीय विभागों से आउटसोर्सिंग पूर्णता बंद हुआ। उल्टे हमें पिछले 5 साल से लगातार प्रताडि़त होना पड़ा, वेतन के लाले पड़े, सेवावृद्धि रोका गया, हमारे साथ सरकार की पुलिस ने दुर्व्यवहार किया। एफआईआर कर कोर्ट में घसीटा गया है।
निर्दोष साथियों को सेंट्रल जेल भेज अत्याचार करने का दुष्कर्म इस कांग्रेस पार्टी की सरकार ने किया है ताकि कर्मचारियों की आवाज को कुचला जा सके। वर्तमान में विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने अपने घोषणा पत्र (मोदी की गारंटी) में अनियमित कर्मचारियों के लिए 100 दिन के अंदर कमेटी बनाकर चरण बद्ध तरीके से नियमित करने एवं उस कमेटी में अनियमित कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी को सदस्य बनाने की बात कह रही है। पहले भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने वर्ष 2008 में 40000 दैवेभो को नियमित और 1,60,000 शिक्षाकर्मियों का संविलियन कर चुकी है ।
रवि ने आगे कहा कि बादल चाहे जितने घने हो सूर्य के प्रकाश को नहीं रोक सकते ठीक उसी प्रकार यह कांग्रेस की अत्याचारी सरकार कर्मचारियों को उनका अधिकार लेने से नहीं रोक सकती। यह चुनाव हम सभी अनियमित कर्मचारी महासंघ परिवार के लिए जीवन मरण का प्रश्न है। सभी से अनुरोध है आप अपना, अपने परिवार, दोस्त, पड़ोस, परिचित सभी का बहुमूल्य मत भाजपा के प्रत्याशियों को देकर प्रचंड बहुमत से विजयी बनाएं और अत्याचारी कांग्रेस सरकार से कर्मचारियों की मुक्ति सुनिश्चित कर अपना भविष्य सुरक्षित करें।
फेडरेशन ने भाजपा के घोषणा पत्र को रेखांकित किया
दूसरी ओर अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन के मुताबिक बीजेपी ने अपने घोषणा पत्र में कर्मचारियों के लिए निम्नांकित बिन्दुओं पर स्थिति स्पष्ट की है
- सरकार बनने पर प्रदेश के शासकीय सेवकों को केंद्र के समान डीए दिया जायेगा।
- लंबित डीए एरियर्स की राशि को कर्मचारियों के जीपीएफ खाते में स्थानांतरित किया जाएगा।
- प्रदेश के शासकीय सेवकों का गोपनीय प्रतिवेदन ऑनलाइन किया जाएगा।ताकि पदोन्नति/समयमान/क्रमोन्नति का लाभ समय पर मिल सके।
- प्रदेश के पंचायत सचिवों का शासकीयकरण किया जाएगा।पूर्व में घोषणा पत्र में नियमतीकरण शब्द का उपयोग किया गया था, जिसे संशोधित किया गया है।
- घोषणा पत्र के अन्य मुद्दे यथावत रखने की बात कही गई है।