रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 नवंबर। केंद्रीय कर्मचारियों को जुलाई से बकाया डीए और पेंशनर्स को डीआर का भुगतान हो चुका है । इसके साथ ही राजस्थान, मप्र,और यूपी समेत कई राज्यों ने भी भुगतान के आदेश कर दिए हैं लेकिन आचार संहिता का कथित आड़ लेकर छत्तीसगढ़ ने अब तक आदेश नहीं किया है । जबकि इस पर यह लागू नहीं होता। राज्य सरकार अपने सालाना बजट में हीन डीए का प्रावधान कर मंजूर भी कर देती है।
इसे लेकर राज्य के सभी अधिकारी,कर्मचारी और पेंशनर संगठनों ने वर्तमान में सरकार कहे जाने वाले मुख्य सचिव अमिताभ जैन से मुलाकात कर मांग कर चुके हैं । लेकिन आदेश अब तक ताक पर ही है। उधर आज उत्तर प्रदेश ने भी दीपावली से पहले डीए का भुगतान करने आदेश जारी कर दिया है। छत्तीसगढ़ में देरी को लेकर कर्मचारी संगठन अपने अपने वाट्सएप ग्रुप मे अपने नेताओं से चुनावी माहौल में आंदोलन करने दबाव बना रहे हैं। वहीं पेंशनर्स कह रहे हैं कि सरकार पहले ही धारा 49 को लेकर उदासीन है और दोनों ही दलों ने इसे विलोपित करने की मांग को अपने घोषणा पत्र में शामिल नहीं किया है। इसलिए कांग्रेस, भाजपा में गुण दोष का आंकलन कर चुनाव में वोट करेंगे। इधर बताया गया कि वित्त विभाग ने भुगतान की अनुमति के लिए चुनाव आयोग से अनुमति मांगी है।