रायपुर

भाजपा के बाद कांग्रेस ने भी छला पेंशनर्स कर्मचारियों को
06-Nov-2023 2:39 PM
भाजपा के बाद कांग्रेस ने भी छला पेंशनर्स कर्मचारियों को

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 6 नवंबर।  कांग्रेस पार्टी के घोषणा पत्र से राज्य के सवा लाख पेंशनर और 5 लाख कर्मचारियों की उम्मीद पर पानी फिर गया है।यह बात  राज्य कर्मचारी संघ के पूर्व प्रांताध्यक्ष व छत्तीसगढ़ राज्य संयुक्त पेंशनर फेडरेशन प्रदेश संयोजक वीरेन्द्र नामदेव ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में 22 वर्षो से पेंशनरों के आर्थिक भुगतान में बाधक

राज्य पुनर्गठन अधिनियम की धारा 49(6) के विलोपन की घोषणा नहीं है। इससे राज्य के पेंशनरों को घोर निराशा हुई है। पेंशनधारी कल्याण संघ के डॉ डी पी मनहर, प्रगतिशील कल्याण संघ के आर पी शर्मा, पेंशनर्स एसोशिएसन के यसवन्त देवान, पेंशनर्स महासंघ के जे पी मिश्रा तथा पेंशनर्स समाज के ओ पी भट्ट आदि ने कांग्रेस पार्टी से छत्तीसगढ़ में 49(6) को विलोपित करने, केशलेश चिकित्सा, नि:शुल्क बस यात्रा,65 वर्ष आयु में 10? अतिरिक्त पेंशन, विधवा पुत्री को परिवार पेंशन की अहर्ता,भारत भ्रमण, मृत्यु पर एग्रेसिया का प्रावधान, नियमित किये गए दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी वर्ग को अवकाश नगदीकरण एवं नियमित कर्मचारी की तरह सम्पूर्ण सेवा की गणना कर पेंशन लाभ, जबरिया रिटायर कर्मचारियों की बहाली आदि मुद्दों को अपने घोषणा पत्र में शामिल करने का सुझाव दिया था। जिसमें किसी बिंदु को शामिल नहीं किए जाने से पेंशनरों को कांग्रेस के घोषणा पत्र ने निराश किया है।

 इसी क्रम में छत्तीसगढ़ राज्य के 5 लाख सरकारी कर्मचारियो के प्रमुख मुद्दे  अनियमित कर्मचारियों, संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण, लिपिक वर्गीय कर्मचारियों की वेतन वेतन विसंगति, पिंगुवा कमेटी की सिफारशें, सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति,  व्याख्याता से प्राचार्य के पद पर पदोन्नति, एल बी संवर्ग के शिक्षकों की समस्याएं आदि मामलों पर कर्मचारी वर्ग को एक बार फिर से छला गया है। इसलिए राज्य के पेंशनर  से गुण दोष के आधार पर  कांग्रेस और भाजपा के घोषणा पत्र का तुलनात्मक अध्ययन कर मतदान करने   का आव्हान किया है।


अन्य पोस्ट