रायपुर

मतदान के संदेश के साथ महिलाओं की कार रैली
05-Nov-2023 7:44 PM
मतदान के संदेश के साथ महिलाओं की कार रैली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 नवंबर। मतदाता जागरूकता कार्यक्रम स्वीप के अंतर्गत रायपुर में आयोजित महिला कार रैली में छत्तीसगढ़ की मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबा साहेब कंगाले सहित सैकड़ों महिला कार चालकों ने हिस्सा लिया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे के मार्गदर्शन में आयोजित इस महिला कार रैली के काफि़ले में उत्कृष्ट सजावट व संदेशों के शामिल कारों के महिला चालकों को सम्मानित भी किया गया। कार रैली के माध्यम से आम मतदाताओं को 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा निर्वाचन में मतदान की अपील की गई। इस आयोजन में भारत निर्वाचन आयोग के प्रेक्षकों सहित जिला प्रशासन के समस्त विभाग, स्थानीय स्वयंसेवी व सामाजिक संगठनों के महिला पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।

80 वर्षीय अख्तर कुरैशी के साथ चला राष्ट्रध्वज-लंबे समय से लकवाग्रस्त अख्तर कुरैशी भी इस कार रैली के दौरान मतदान हेतु सभी को प्रेरित करने पहुंचे, 80 बरस के अख्तर अपने साथ राष्ट्रध्वज लेकर इस रैली में शामिल हुए। सी.ई.ओ. श्रीमती कंगाले ने उनके हौसले की सराहना करते हुए न केवल उन्हें कार रैली में अपने साथ शामिल कीं, बल्कि उन्हें कार रैली के समापन स्थल साइंस कॉलेज मैदान में सम्मानित भी किया।

ई-कार व ई-रिक्शा की कार रैली में रही धूम-स्वीप महिला कार रैली में रोल्स रॉयस जैसी विंटेज कार, खुली जिप्सी, जीप के साथ इलेक्ट्रॉनिक कार व ई-रिक्शा सहित लगभग 200 कारें शामिल रही। उत्कृष्ट कार सजावट व संदेश के लिए श्रीमती अनुपमा तिवारी को प्रथम पुरस्कार, ई-कार व ई-रिक्शा को द्वितीय व तृतीय पुरस्कार मिला। सी.ई.ओ. श्रीमती कंगाले ने इन महिलाओं को पुरस्कृत कर सभी की सक्रिय सहभागिता के लिए सराहना की। 

बी.टी.आई. ग्राउंड में सुबह से लगी कारों की लंबी लाइन-स्वीप कार रैली के लिए महिलाओं में खासा उत्साह रहा, महिलाएं अपने कार की स्वयं सजावट कर सुबह से बी.टी.आई. ग्राउंड पहुंचने लगी थीं, इन महिलाओं के साथ उनका परिवार व सहेलियां भी सवार थी, जो महिला कार चालकों का उत्साहवर्धन कर मतदाता जागरूकता का संदेश दे रही थीं।

पारंपरिक वेशभूषा में कार रैली में शामिल होने पहुंची महिलाएं-महिलाओं ने अपनी कार को आकर्षक सजावट देने के साथ ही स्वयं भी पारंपरिक पोशाक में रैली में शामिल हुईं। छत्तीसगढ़ी वेशभूषा के साथ ही महिलाएं महाराष्ट्रीयन, बंगाली, ओडि़सी, दक्षिण भारतीय, गुजराती, पारंपरिक पोशाक व पगड़ी पहनकर वीरांगनाओं की तरह इस रैली में पहुंची।


अन्य पोस्ट