रायपुर

आज शाम थम गया पहले चरण का प्रचार, कल घर-घर जनसंपर्क
05-Nov-2023 4:16 PM
आज शाम थम गया पहले चरण का प्रचार, कल घर-घर जनसंपर्क

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 नवंबर।
प्रदेश में प्रथम चरण में  7 नवम्बर मतदान तिथि वाले विधानसभा क्षेत्रों में रविवार 5 नवम्बर को शाम पांच बजे तक प्रचार थम गया। कल सभी प्रत्याशी और समर्थक घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर अपने लिए वोट मांगने का अंतिम प्रयास करेंगे। 

सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान समय वाले विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवार 5 नवम्बर को दोपहर तीन बजे तक और सवेरे आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान समय वाले विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशी 5 नवम्बर को शाम पांच बजे तक प्रचार कर सकेंगे। मतदान समाप्ति समय के 48 घंटे पूर्व से सार्वजनिक मंचों से प्रचार-प्रसार प्रतिबंधित रहेगा। 

प्रथम चरण के 20 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 223 उम्मीदवार हैं जिनमें 198 पुरूष तथा 25 महिला हैं। प्रथम चरण के लिए 40 लाख 78 हजार 681 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 19 लाख 93 हजार 937 पुरुष मतदाता, 20 लाख 84 हजार 675 महिला मतदाता तथा 69 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। प्रथम चरण में निर्वाचन हेतु कुल 5304 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।  

बस्तर, नांदगांव, और कवर्धा जिले के 20 विधानसभा क्षेत्रों में से दस विधानसभा क्षेत्रों में सवेरे सात बजे से दोपहर तीन बजे तक तथा दस विधानसभा क्षेत्रों में सवेरे आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा।


अन्य पोस्ट