रायपुर

नेत्रों से दिव्यांगों के लिए ईवीएम में ब्रेल लिपि भी
31-Oct-2023 8:38 PM
नेत्रों से दिव्यांगों के लिए ईवीएम में ब्रेल लिपि भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 31 अक्टूबर। सीईओ श्रीमती रीना  कंगाले ने आज रेडक्रास भवन रायपुर के सभाकक्ष में दिव्यांग मतदाताओं के सुगम मतदान विषय पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित किया। उन्होने कहा कि इस वर्ग के मतदाताओं को घर बैठे ही डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान करने का विकल्प दिया गया है। इसके साथ ही यदि दिव्यांग मतदाता मतदान करने के लिए मतदान केन्द्र तक आने के लिए वाहन की सुविधा चाहेंगे तो उन्हें  आयोग की तरफ से सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इस सुविधा के लिए ऐसे मतदाताओं को पहले अपना पंजीयन कराना होगा। 

श्रीमती कंगाले ने बताया कि मतदान दिवस को दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं के सहयोग के लिए  एनएसएस, एनसीसी, स्काउट गाइड के स्वयंसेवकों की ड्यूटी भी लगाई जाएगी। मतदान केंद्र पर मतदान के लिए आने वाले दिव्यांग एवं 80 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ मतदाताओं को कतार में खड़े न रहना पड़े,  पहले करने के लिए प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। दृष्टिबाधित मतदाताओं के लिए ईवीएम मशीन पर प्रत्याशियों का नाम ब्रेल लिपि में भी मुद्रित कराया जा रहा है। मतदान कक्ष में दिव्यांग मतदाताओं की विशेष जरूरतों के संबंध में मतदान कर्मियों को संवेदनशीलता से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर सर्वेश्वर भूरे ने भी  बताया कि मतदान केंद्र पर स्थापित होने वाले मतदाता सहायता बूथ (वीएबी) की स्थिति की जानकारी दिव्यांग मतदाताओं को देने के लिए संकेतक चस्पा किए जा रहे हैं। राज्य आइकन चित्रसेन साहू ने आयोग के प्रयासों से  बताया कि अब मतदान करना सही मायनों में उत्सव हो गया है।  जिला  ऑइकॉनपृथ्वी राज ने सक्षम एप की उपयोगिता का उल्लेख किया।


अन्य पोस्ट