रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 31 अक्टूबर। लौह पुरूष, राष्ट्रीय एकीकरण के शिल्पकार, भारत रत्न, सरदार वल्लभ भाई पटेल स्वतंत्र भारत के महान दूरदर्शी राजनेता और मजबूत, अडिग तथा दृढ़ संकल्पित व्यक्तित्व के धनी थे। अखंड भारत के निर्माण में उनका योगदान अविस्मरणीय है। राज्यपाल श्री हरिचंदन ने सरदार पटेल की जयंती पर नमन करते हुए उक्त बाते कही।
सरदार पटेल की जयंती को आज राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर राज्यपाल श्री हरिचंदन ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पाजंलि अर्पित की और राजभवन के अधिकारियों-कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए शपथ दिलाई।
राज्यपाल श्री हरिचंदन ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में उन्होंने देश के छोटे-बड़े 550 से अधिक रियासतों के एकीकरण के चुनौतीपूर्ण कार्य को सफलतापूर्वक करते हुए भारत को सुदृढ़ बनाने का काम किया। ऐसे महान व्यक्तित्व की याद को चिरस्थायी बनाने के लिए गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री, नरेंद्र मोदी ने ‘‘स्टैच्यू ऑफ युनिटी‘‘ का निर्माण कराया जो दुनिया की सबसे बड़ी मूर्ति है।
इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव अमृत कुमार खलखो, विधिक सलाहकार राजेश श्रीवास्तव, उपसचिव दीपक अग्रवाल सहित राजभवन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।