रायपुर
30 का प्याज अब 70 में
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 अक्टूबर। प्रदेश में इन दिनों मंहगाई का दौर चल रहा है। चावल दाल के बाद अब प्याज के दामों में अचानक से उछाल आ गई है। सप्ताहभर पहले 30-35 रूपए किलो बिकने वाले प्याज के दाम दोगुने हो गए हैं। सब्जियों के दाम बढऩे से एक बार फिर किचन में खाने का स्वाद बिगड़ गया है। शुक्रवार को राजधानी के बाजारों में प्याज का भाव प्रति किलो 60-70 रूपए तक पहुंच गया। थोक बाजार में प्याज का भाव 15-20 रुपए प्रति किलो तक बढ़ा है।
जिले में प्याज की आवक महाराष्ट्र के नासिक मध्य प्रदेश और उत्तरप्रदेश जैसे राज्यों से प्याज छत्तीसगढ़ में आता है। पड़ोसी राज्यों में भारी बारिश होने की वजह से प्याज खराब हुई हैं। इससे प्याज का आवक कम हो गया है। वहां से महंगी सप्लाई के कारण मार्केट में दाम बढ़ा हुआ है। अभी जो प्याज आ रहा है। प्याज डेली सब्जी मार्केट में 60 से 70 रुपए किलो के भाव बिक रहा है।
कारोबारियों का कहना है कि प्याज की आवक काफी कमजोर हो गई है और आने वाले दिनों में कीमतों में और तेजी के आसार हैं। ऊपरी मार्केट में ही प्याज की कीमतों में तेजी है। बाजार के जानकारों का कहना है कि पिछले दिनों हुई बारिश के चलते प्याज की फसल भी खराब हुई है। इसके साथ ही अब इसकी आवक कमजोर हो गई है। इसका असर ही कीमतों में देखने को मिल रहा है।
प्याज की कालाबाजारी भी शुरू हो गई: कारोबारी सूत्रों का कहना है कि बाजार में त्योहारी मांग काफी बढ़ गई है और अब धीरे-धीरे इसकी जमाखोरी भी शुरू होने लगी है। इसका असर भी कीमतों में दिखने लगा है। हालांकि आलू की कीमतों में स्थिरता बनी हुई है और आलू 25 रुपये किलो तक बिक रहा है।
थोक सब्जी व्यवसायी संघ अध्यक्ष टी. श्रीनिवास रेड्डी ने कहा, प्याज की आवक काफी कमजोर हो गई है और आने वाले दिनों में इसका असर कीमतों में और देखने को मिल सकती है। प्याज की कीमतें और बढ़ सकती हैं।
और बढ़ सकते हैं दाम
शास्त्री बाजार, आमापारा में प्याज आलू के खुदरा विक्रेेता ने बताया कि सप्ताह की शुरूआत में स्टॉक आने से प्याज के दाम और बढ़ सकते हैं। आने वाले हफ्ते में प्याज का भाव 80-85 रुपए किलो तक हो सकता है। जनवरी और फरवरी में नई फसल आने के बाद ही इसके दाम कम होने के आसार हैं। तब तक प्याज का दाम कम होने की उम्मीद कम है। बाजार में अभी नासिक से प्याज आ रहें हैं । अच्छा क्वालिटी का प्याज का रेट 65 रुपये है। मध्यम क्वालिटी का प्याज 55 रुपये तक खुदरा भाव से बिक रहा है।