रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 अक्टूबर। रायपुर रेल मंडल के लोको पायलट (इंजन ड्राइवर) और सहायक पायलट 27 अक्टूबर को वृहद विरोध प्रदर्शन करेंगे। वे ड्यूटी अवधि को लेकर लागू सीएमएस सिस्टम के साथ ड्यूटी टाइम में एक घंटे की कटौती का विरोध कर रहे हैं। इस विरोध प्रदर्शन में करीब तीन हजार से अधिक पायलट शामिल होंगे ।
अभा लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के बैनर तले ये कर्मचारी गेट मीटिंग और भूख हड़ताल करेंगे। दरअसल सिंगपुर, में कोरोमंडल एक्स्प्रेस दुर्घटना के बाद से रेलवे बोर्ड ने ड्यूटी अवर्स की गणना के लेकर यह नया सिस्टम लागू किया है जो पायलट के अनुकूल नहीं खिलाफ माना जा रहा है । उक्त दुर्घटना की जांच में यह बात सामने आई थी कोरोमंडल एक्स्प्रेस के पायलट अपने निर्धारित समय से अधिक 14 घंटे से ड्राइविंग सीट पर थे। उसके बाद से रेलवे बोर्ड ने देशभर में सीएमएस लागू किया है। इसके मुताबिक पायलट इंजन में सवार होते ही बायोमैट्रिक्स अटेंडेंस एंट्री करेंगे और नौ घंटे की ड्यूटी जिस स्टेशन पर पूरी हो वहां पुन: एंट्री करेंगे। लेकिन उन्हें अपने रेस्ट रूम के मुख्यालय तक ट्रेन लेकर जाना ही होगा। यानि अतिरिक्त ड्यूटी करेंगे लेकिन उसकी एंट्री नहीं होगी। इसके लिए दपूमरे ने गोंदिया, दुर्ग, रायपुर, आरएसडी, तिल्दा, भाठापारा, बिल्हा जैसे स्टेशनों में भी यह बायोमैट्रिक्स सिस्टम लगा दिया गया है ।
इन लोको पायलट का कहना है कि ड्यूटी पर घर से निकले हैं तो मिड सेक्शन में ड्यूटी आफ कैसे माना जाएगा । जब तक की किसी मुख्यालय तक न पहुंचा जाए। रेलवे बोर्ड, मानवाधिकार कानून से बचने सीएमएस लागू कर रहा है । ताकि ड्यूटी आफ की पंचिंग के बाद जिम्मेदारी से बचा जाए। और 15-16 घंटे काम लिया जा सके।