रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 अक्टूबर। प्रदेश के बड़े समाज में से एक सिंधी समाज अपना राजनीतिक रूख तय करने आज शाम एक बैठक करने जा रहा है । जो सिंधी धर्मशाला तेलीबांधा में 5 बजे से होगी।
सर्व सिंधी समाज के बैनर तले बैठक में वर्तमान राजनीतिक स्थितियों को देखते हुए आगे की दिशा तय करेगा। इस बैठक में सिंधी पंचायत के सभी मुखी भी शामिल होंगे। जबकि शदाणी दरबार के प्रमुख युधिष्ठिर लाल के शामिल होने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है ।
कांग्रेस और भाजपा ने सिंधी समाज से एक भी प्रत्याशी घोषित नहीं किया है । कांग्रेस ने तो मानो मुंह का कौर छीना है। वहीं भाजपा ने महीने भर पहले ही अपना निर्णय सुना दिया था। वैसे समाज के पास विजय गुरूबक्षाणी के रूप में एक बेहतर विकल्प है। विजय को आप पार्टी ने रायपुर दक्षिण से टिकट दिया है ।
इधर समाज के सूत्रों का कहना है कि राजनीतिक दलों से जुड़े समाज के नेता यदि हिम्मत करे तो समाज उनका साथ देगा। सबका कहना है कि सिंधी समाज को अपनी ताकत दिखानी चाहिए। चूंकि मध्यप्रदेश में कांग्रेस ने दावेदार बदले हैं। इसलिए यहां भी यह प्रयास करना चाहिए। इस बैठक में पांच हजार लोगों के आने की तैयारी की गई है।