रायपुर
राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया ने कहा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 अक्टूबर। पिछले चुनाव के घोषणा पत्र में शामिल शराबबंदी को लेकर कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा है कि शराबबंदी का फैसला अगली चुनी हुई सरकार लेगी। राजीव भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यह चुनाव रेवड़ी और रेहड़ी के बीच खड़ा है। मजदूर, गांव गरीब के लिए काम कांग्रेस की रेहड़ी है तो अडाणी के लिए थाली सजाकर देना भाजपा की रेवड़ी है। कांग्रेस लोक हित में रेवड़ी बांटती रहेगी। रेवड़ी बांटने भाजपा ने नगरनार प्लांट को राज्य सरकार के लेने पर रोक लगा दी है । कांग्रेस ने रोजगार, शिक्षा और धान की सर्वाधिक कीमत दी है ।
सुप्रिया ने कहा कि भाजपा के पास न कोई मुद्दा न कोई रास्ता बचा है। ध्रुवीकरण ही भाजपा का अंतिम पैंतरा है। धर्म किसी की बपौती नहीं है । भाजपा पर आरोप लगाया कि ये लोग गंगाजल पर भी जीएसटी लगाते हैं।
सुप्रिया ने कहा आज जब छत्तीसगढ़ का चुनाव मुहाने पर है तो कांग्रेस सरकार अपने काम के दम पर, अपने रिपोर्ट कार्ड पर जनता से वोट मांग रही है और हमारी प्रतिद्वंदी भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर से जुमलों की बारिश कर रही है। और फेंकने में मोदी जी और उनके परम चेले अमित शाह का तो कोई जवाब ही नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने सिफऱ् और सिर्फ रोड़ा लगाने का काम किया। यहाँ तक कि हमारी सरकार की ज़्यादा दाम पर धान खऱीदने की पहल को भी रोकने में कोई कसर नहीं छोड़ी गई। लेकिन हम भी कम नहीं है, तू डाल डाल तो मैं पात पात। मोदी सरकार ने ऑर्डर निकाल कर कहा कि अगर कोई सरकार एमएसपी से ज़्यादा पर धान खऱीदेगी तो केंद्र सरकार के पूल में वो नहीं खऱीदा जायेगा, इसीलिए हमने राजीव गांधी किसान न्याय योजना के माध्यम से सीधे किसानों के खाते में अतिरिक्त पैसा डाला।
लेकिन इस सरकार की कुत्सित हरकतों का अंदाज़ा आप इससे लगाइए कि केंद्र सरकार ने 86 टन चावल खऱीदने का वादा किया जिसको बाद में 61 टन कर दिया गया-और यही वो लोग हैं जिन्होंने कर्नाटका की हमारी सरकार को 35 टन चावल देने से मना कर दिया!
रेवड़ी रेवड़ी चीखने वाले अडानी के लिये लगातार रबड़ी परोसी है। बस्तर में एनएमडीसी के नगरनार स्टील प्लांट को अडानी जी को सौंपने की पूरी तैयारी के बावजूद अब कहा जा रहा है ऐसा नहीं होगा। तो फिर वित्त मंत्रालय की विनिवेश वेबसाइट पर अभी तक इसका नाम क्यों है। याद रखियेगा यह वही चुनावी जुमला है जिनकी बौछार करके प्रधानमंत्री जी ख़ुद उनके बारे में अगले पल ही भूल जाते हैं!
रेवड़ी कह कर सरकार के दायित्वों और लोकहित की योजनाओं का अपमान करने वाले राजनैतिक छींटाकशी नहीं कर रहे बल्कि उन लोगों का तिरस्कार कर रहे हैं जिनके लिए हमारी सरकार ने ये काम किए हैं - और वो वोट देते समय इसका सूत समेत जवाब देंगे।
पांच साल खूब कमाया, शराबबंदी अगली सरकार पर
शराबबंदी को लेकर सुप्रिया के बयान पर पलटवार करते हुए भाजपा उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा ने कहा सुप्रिया का यह बयान हास्यास्पद है। पिछली बार इन्हीं कांग्रेसियों ने हाथ में गंगाजल लेकर शराबबंदी का वादा किया था। पांच साल तो शराब से खूब कमाया। अब कह रहे अगली सरकार करेगी। उन्होंने कहा भाजपा का घोषणा पत्र हर वर्ग के लिए होगा। हम जो वादा करेंगे। उसे पूरा करेंगे।