रायपुर

क्रिकेट की तरह 22 विधायकों को रेस्ट दिया गया है-सैलजा
23-Oct-2023 7:25 PM
 क्रिकेट की तरह 22 विधायकों को रेस्ट दिया गया है-सैलजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 23 अक्टूबर। सत्तारूढ़ कांग्रेस ने अगले चुनाव के लिए अपने वर्तमान 22 विधायकों की टिकट काट घर बिठा दिया है ।  इस पर प्रदेश प्रभारी कु.सैलजा ने आज कहा कि क्रिकेट में जिस तरह से कई बार प्लेयर रेस्ट लेते हैं और उनकी जगह दूसरे खेलते हैं। टिकट वितरण में भी ऐसा ही हुआ है। सैलजा ने कहा कि सरकार बनने पर मेहनत करने वालों को एडजस्ट किया जाएगा।

बहरहाल पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने प्रभारी की घोषणा अधूरी ही रह गई। सैलजा ने हर लोकसभा से दो महिलाओं को टिकट देने की घोषणा की थी। लेकिन पार्टी 22 के बजाए 18 को ही दे सकी। वहीं 22 विधायकों की टिकट अवश्य कटी।

कांग्रेस ने आज शेष सात नाम घोषित करने के साथ सभी 90 सीटों के प्रत्याशी तय कर दिए हैं। इन सात में से भी तीन विधायकों की टिकट काटी गई है। वहीं 90 में कुल 22  विधायक अब पूर्व कहलाएंगे।  90 में कुल 18 महिलाओं को टिकट दी गई है । कांग्रेस ने इन 22  विधायकों के खिलाफ एंटी इनकंबेंसी का आंकलन करते हुए काटने की बात कही है। इनमें एक पूर्व मंत्री, आधा दर्जन संसदीय सचिव शामिल  हैं।

घोषणा पत्र को लेकर भाजपा मौन, सदमें में - सैलजा

टिकट वितरण के बाद अब भाजपा और कांग्रेस अब एक दूसरे के घोषणा पत्र को लेकर बयानबाजी शुरू कर दी है । प्रदेश प्रभारी कु. सैलजा ने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र जल्द जारी होगा। पिछले चुनाव में हमने जनता को वादे से कई अधिक दिया है । वहीं भाजपा चुनावी वादों पर मौन के साथ साथ सदमे में भी है।वहीं सीएम भूपेश बघेल  ने भाजपा को अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी करने की चुनौती दी है । उन्होंने कहा कि हम जब विपक्ष में  रहे पहले घोषणा पत्र जारी किया। भाजपा को भी करना  चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा ने जनता से कुछ भी नहीं कहा।


अन्य पोस्ट