रायपुर
पुलिस स्मृति दिवस परेड में हुए शामिल हरिचंदन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ पुलिस के जवानों ने विपरित परिस्थितियों में भी निडर होकर हर चुनौती का सामना किया है, भले ही इसके लिए उन्हें अपने प्राणों कीे आहुति क्यों न देनी पड़ी। समाज में कानून व्यवस्था एवं शांति बनाये रखने के लिए पुलिस कर्मी सदैव अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। यहां तक की जब हम लोग अपने घरों में त्यौहार और उत्सव की खुशी मनाते है तब भी ये जवान अपने परिवार से दूर रहते हुएं समर्पण के साथ अपने कर्त्तव्यों का पालन करते हैं। यह उद्गार राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने आज चौथी वाहिनी, छसबल माना के प्रांगण में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर आयोजित परेड में व्यक्त किया।
राज्यपाल ने शहीद पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की और उनके साथ सदैव खड़े रहने का विश्वास दिलाया। उन्हें शाल, श्रीफल व स्मृति चिन्ह भेंट किया। श्री हरिचंदन ने कहा कि नक्सल प्रभावित इलाकों में तैनात हमारे जवान पूरी हिम्मत और देशभक्ति के साथ नक्सलियों का सामना कर रहे हैं। उन्हीं के कारण हम शांतिपूर्ण वातावरण में रहते हैं। छत्तीसगढ़ से वामपंथी उग्रवाद को खत्म करने के लिए केंद्र सरकार और राज्य सरकार द्वारा हरसंभव उपाय किये जा रहे है। नक्सल प्रभावित इलाकों के लोग भी राज्य के अन्य लोगों की तरह शांति और विकास चाहते है। उन्होंने शहीदों के परिवारजनों से कहा कि सरकारें हमेशा शहीदों के परिवार के सुख-दुख में शामिल होकर उनके अभिभावक के रूप में कार्य करेंगी। डीजीपी अशोक जुनेजा ने भी श्रद्धांजलि उद्बोधन दिया।
इस अवसर पर गृह विभाग के प्रमुख सचिव मनोज पिंगुवा, मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष श गिरधारी नायक एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिसकर्मी व शहीद जवानों के परिजन उपस्थित थे।