रायपुर
सांस्कृतिक कार्यक्रम 20, 21 और 22 अक्टूबर को
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 19 अक्टूबर। बंगाली समाज का दुर्गा पूजा महोत्सव सबसे अनूठा होता है। इस बार 5 दिन के इस उत्सव की शुरुआत 19 अक्टूबर को होगी। बंगाली समाज के दुर्गा पूजा महोत्सव गुरुवार 19 अक्टूबर को महा पंचमी के साथ शुरू होकर 24 अक्टूबर मंगलवार महा दशमी तक चलेगा। दुर्गा पूजा महोत्सव शिवानंद नगर में मातृ सेवा समिति द्वारा आयोजित किया जा रहा है।
मातृ सेवा समिति अध्यक्ष नितिन विश्वास ने बताया कि इस बार दुर्गा स्थापना के 22 वर्ष हो जाएंगे। विगत 21 वर्षों से बंगाली समाज द्वारा सफल आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मां दुर्गा की भव्य मूर्ति एवं भव्य पंडाल तैयार किया गया है। मां दुर्गा की मूर्ति के साथ भगवान गणेश, मां लक्ष्मी, भगवान कार्तिकेय, मां सरस्वती की मूर्तियां भी स्थापित की जा रही हैं। मां दुर्गा की विधिवत पूजा अर्चना कोलकाता से आए हुए पंडित द्वारा की जाएगी।
20 को महा षष्ठी पर सुबह 9 बजे बोधन और शाम को चित्रकला प्रतियोगिता, 21 अक्टूबर को महा सप्तमी पर सुबह महा सप्तमी पूजा, पुष्पांजली व शाम को नृत्य स्पर्धा व 22 को शंख ध्वनि के साथ ही गरबा का आयोजन भी किया गया है। वहीं 23 अक्टूबर को नवमी पर म्यूजिकल नाईट आरकेस्ट्रा का आनंद दर्शक ले सकेंगे।
24 अक्टूबर को महा दशमी पूजा, दर्पण बिसर्जन, सिंदूर उत्सव, दोपहर को प्रतिमा विसर्जन होगा। जबकि 28 अक्टूबर को कोजागरी लक्ष्मी पूजा की जाएगी। इसके अलावा 12 नवंबर को मां काली पूजा की जाएगी।