रायपुर
बुधवार रात सीएम हाऊस के बाहर की तस्वीर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 अक्टूबर। रायपुर उत्तर विधानसभा की टिकट होल्ड होने के बाद दावेदार नए सिरे से सक्रिय हो रहे हैं। दिल्ली में फैसले को लेकर कशमकश तेज हो गई है। अब फैसला 20 तारीख के बाद होने के संकेत हैं। इस बीच अजीत कुकरेजा का नाम सार्वजनिक होने के बाद सिंधी समाज से और भी नेता दिल्ली पहुंचने लगे हैं।
अर्जुन वासवानी दिल्ली रवाना हो गए हैं। वे वेणुगोपाल से मिलकर अपनी दावेदारी करेंगे। इससे पहले दो बार के विधायक कुलदीप जुनेजा अपनी टिकट कटने को लेकर खासे नाराज हैं। जुनेजा कल , कुकरेजा का नाम तेजी से वायरल होते ही दिल्ली जा पहुंचे। उन्होंने बड़े नेताओं से मिलकर कुकरेजा को छोड़, एक-दूसरे में से किसी को भी टिकट देने पर सहर्ष स्वीकारने की बात कही । वापसी में जुनेजा, अजीत कुकरेजा के पिता आनंद कुकरेजा के साथ एक ही फ्लाइट से लौटे। यहां आने के बाद कुलदीप राकेश गुप्ता के साथ रात सीएम हाऊस जाकर श्री बघेल से मुलाकात की। वहां भी कुलदीप ने कहा मेरी अगर टिकट काट रहे हैं, तो डॉ. गुप्ता को देने में एतराज नहीं करूंगा। पूरे मन से काम करूंगा। इस पर सीएम ने कहा मैं लगा हुआ हूं। इस बीच डॉ. गुप्ता भी अपने साथ कुछ पार्षदों, और ब्लॉक अध्यक्षों के हस्ताक्षर वाले समर्थन पत्र लेकर गए थे।