रायपुर

टिकट के बाद भाजपा में गुस्सा फूटा, जिला पंचायत सदस्य ने पार्टी छोड़ी
10-Oct-2023 5:10 PM
टिकट के बाद भाजपा में गुस्सा फूटा,  जिला पंचायत सदस्य ने पार्टी छोड़ी

निर्दलीय भी उतरने की संभावना टटोल रहे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 अक्टूबर।
भाजपा प्रत्याशियों की घोषणा के बाद रायपुर जिले की सीटों में कई जगहों पर विवाद शुरू हो गया है। इस्तीफे का दौर चल रहा है। धरसींवा के जिला पंचायत सदस्य राकेश यादव ने तो नाराज होकर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता भी छोड़ दी है। कुछ जगहों पर तो असंतुष्ट नेता निर्दलीय चुनाव लडऩे की संभावना टटोल रहे हैं। 

प्रत्याशियों की सूची लीक होने के बाद से भाजपा में असंतोष था। अधिकृत सूची जारी होने के बाद से इस्तीफे का दौर शुरू हो गया है। रायपुर जिला ग्रामीण के प्रचार मंत्री, और जिला पंचायत सदस्य राकेश यादव ने धरसींवा से अनुज शर्मा की उम्मीदवारी के विरोध में पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। 

आरंग से भी कार्यकर्ताओं में नाराजगी की खबर सामने आ रही है। दो दिन पहले मौजूदा प्रत्याशी खुशवंत गुरु के विरोध में प्रदर्शन भी हुआ था। चर्चा है कि टिकट के दावेदार पूर्व जनपद अध्यक्ष वेदराम मनहरे निर्दलीय चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। हालांकि अब तक उन्होंने सार्वजनिक तौर पर कुछ नहीं कहा है। यह भी चर्चा है कि आने वाले दिनों में आरंग के एक-दो टिकट के दावेदार पार्टी छोड़ सकते हैं। 

रायपुर की चारों सीटों में से दक्षिण को छोडक़र बाकी जगह टिकट के दावेदार नेता नाराज चल रहे हैं। पश्चिम से बसंत अग्रवाल, और आशु चंद्रवंशी टिकट के दावेदार थे। पूर्व मंत्री राजेश मूणत को फिर से टिकट मिलने से बसंत, और आशु के समर्थक नाराज बताए जा रहे हैं। रायपुर उत्तर से भी पुरंदर मिश्रा की टिकट के विरोध में बाकी दावेदार एकजुट हो गए थे। 

पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी, और केदार गुप्ता व संजय श्रीवास्तव ने पुरंदर की जगह अपने में से किसी को भी टिकट देने की गुजारिश की थी, लेकिन पार्टी ने अमान्य कर दिया। तीनों के समर्थक नाराज हैं, और वो खुद कुछ बोल नहीं रहे हैं। पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में सिर्फ इतना ही कहा कि भाजपा जिंदाबाद। 

सिंधी समाज को प्रतिनिधित्व नहीं मिलने, और बाकी बची सीटों पर समाज की उम्मीदों पर सुंदरानी ने कहा कि पांच सीटें बाकी हैं, लेकिन वहां समाज की दावेदारी नहीं है। पूर्व जिला ग्रामीण अध्यक्ष अनिमेष कश्यप (बॉबी) भी घर बैठ गए हैं। उन्होंने धरसींवा, और अन्य जगहों पर प्रचार के लिए जाने से मना कर दिया है। कई और नेता भी खुद को प्रचार-प्रसार से अलग कर रहे हैं। आने वाले दिनों में विवाद और बढऩे की उम्मीद है। 
 


अन्य पोस्ट