रायपुर

पट्टा वितरण में नाम कटने पर लोगों ने जोन दफ्तर को घेरा
10-Oct-2023 3:33 PM
पट्टा वितरण में नाम कटने पर लोगों ने जोन दफ्तर को घेरा

पहले पात्र की सूची में नाम,अब अपात्र 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 अक्टूबर।
संत रामदास वार्ड के स्थानीय लोगों समेत पार्षद ने  जोन 7 का घेराव किया। यह घेराव पट्टा वितरण में नाम कटने से नाराज लोगों ने किया। सिर्फ 3 साल की समय सीमा के लिए पट्टा देने का भी विरोध किया जा रहा है । घेराव में जोन के भरत नगर, कलिंग नगर रामनगर, भवानी नगर के लोग बड़ी संख्या में शामिल थे।

 सप्ताहभर से चल रहे इस अभियान में राजधानी के लोगों को नजूल का पट्टा नवीनीकरण कर नये पट्टे का वितरण किया जा रहा है। इसके लिए निगम ने कुछ महिनों पहले वार्डो में जाकर मकानों का सर्वे भी किया था। जिसके बाद मुख्यमंत्री के घोषणा पत्र में किए वादे को पूरा करने में पूरा निगम अमना लगा हुआ है। आनन फानन में सर्वे रिकार्ड खंगालकर पट्टा वितरण किया जा रहा है। शिविर लगा कर आवास पट्टा दिया जा रहा है। वहीं पट्टा से  वंचित रहवासियों ने निगम जोन दफ्तर का घेराव कर किया। संत रामदास वार्ड के भरत नगर, कलिंग नगर और भवानी नगर के रहवासियों ने राजीव आश्रय योजना के तहत सर्वे सूची में नाम होने के बावजूद पट्टा वितरण नहीं होने पर नाराजगी जताई। पट्टा वितरण में अनियमितता के विरोध में वार्डवासियों ने पार्षद भोलाराम साहू के नेतृत्व में जोन दफ्तर का घेराव किया। इस दौरान जमकर नारेबाजी भी की गई। नगर निगम जोन-7 के संत रामदास वार्ड की 3 बस्तियों के रहवासियों ने बेघरों को आवास का पट्टा देने में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए समता कॉलोनी स्थित जोन दफ्तर का घेराव किया रामसागर पारा मंडल अध्यक्ष प्रीतम साहू सहित कार्यकर्ता और वार्डवासी इस प्रदर्शन में शामिल हुए। 
 


अन्य पोस्ट