रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा है कि पीएससी की गड़बडिय़ों को लेकर शिकायत मिलने पर कार्रवाई करने की बात कहकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल फिर झूठ परोस रहे हैं और प्रदेश को गुमराह कर रहे हैं। दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पीएससी मामले में जाँच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की गारंटी के बाद मुख्यमंत्री बघेल विचलित हो चले हैं और अब फिर शिकायत नहीं मिलने की बात कर रहे हैं। श्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री बघेल कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं से भी झूठ बोलने में जरा भी नहीं हिचकिचा रहे हैं।
भाजपा प्रदेश महामंत्री श्री चौधरी ने कहा कि भूपेश बघेल झूठ का ढोल पीटने से बाज नहीं आये कि उन्हें कोई शिकायत नहीं मिली, जबकि सत्य यह है कि उनके निवास कार्यालय में लिखित शिकायत देकर पीएससी घोटाले की सारी जानकारी दी गई थी और इसकी पावती इस बात की गवाही दे रही है।
उन्होंने सत्यनिष्ठा की शपथ की हर मामले में धज्जियां उड़ाई हैं। भूपेश विशुद्ध रूप से हर मामले में झूठ बोलते हैं। वे झूठ के सिवाय कुछ नहीं बोलते। उनके नेता राहुल गांधी को अब समझ में आ जाना चाहिए कि किस झूठेश की बातों में आकर वे भी झूठ परोसने लग जाते हैं। श्री चौधरी ने पूछा कि पीएससी मामले में जब उच्च न्यायालय ने 18 लोगों की नियुक्ति पर रोक लगाकर इस पूरे मामले की जाँच का आदेश दे दिया है तो फिर मुख्यमंत्री बघेल को अब कार्रवाई करने में क्यों दिक्कत हो रही है? इसी प्रकार पीएससी की गड़बड़ी के एक ताजा मामले के खुलासे में यह आईने की तरह साफ नजर आ रहा है कि गलत उत्तर देने वाले अभ्यर्थियों को या तो पूरे या फिर सही उत्तर देने वाले अभ्यर्थी से अधिक अंक दिए गए हैं।
भाजपा प्रदेश महामंत्री श्री चौधरी ने कहा कि भाजपा और अन्याय पीडि़त युवाओं ने बार-बार प्रदेश सरकार से इस पर ध्यान आकृष्ट कराया है, लेकिन मुख्यमंत्री चुप्पी साधे हुए हैं।
भाजपा अपनी रोटी सेंकने आरोप लगा रही-ठाकुर
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा के पास सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं है तो ऐसी संस्थाओं की विश्वसनीयता को संदिग्ध बनाने का षडय़ंत्र कर रही है। ठाकुर ने कहा कि किसी परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक हुये हों। किसी परीक्षार्थी ने लेनदेन की प्रमाणिक शिकायत किया हो। किसी कोचिंग संस्थान के पूर्व अनुमानित प्रश्न पत्रों के सेट से पीएससी के प्रश्न पत्र हू-बहू मिल रहे थे। मेरिट में चयनित अभ्यार्थियों के इन्टरव्यू के नंबर लिखित परीक्षा के अंको में बहुत ज्यादा असमानता नजर आ रही थी। चयन का आधार इंटरव्यू के नंबरों की अधिकता हो। वर्तमान में राज्य लोक सेवा आयोग के परीक्षा परिणामों पर ऐसा कोई भी आरोप नहीं लगा है उसके बावजूद गड़बड़ी के मनगढ़ंत आरोप लगाना भाजपा का निम्न स्तरीय हथकंडा है। पीएससी के सफल परीक्षार्थियो की उत्तर पुस्तिका उनकी अंकतालिका पीएससी की वेबसाईट पर सार्वजनिक है।