रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 अक्टूबर। शनिवार को बिलासपुर में पीएम मोदी के द्वारा कांग्रेस सरकार पर लगाए गए आरोपों पर सीएम भूपेश बघेल ने आज सिलसिले जवाब देकर केंद्र पर हमले किए। बघेल ने पीएम को झूठ बोलने वाला, जुमलेबाज कहते हुए यह भी कहा कि उनके कितने मुंह हैं भाई।
राजीव भवन में आमंत्रित पत्रकार वार्ता नें सीएम बघेल ने पीएम के एक एक आरोप पर अपनी बात कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी लगातार छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। कल बिलासपुर आए और झूठ परोसकर चल दिए। धान खरीदी पर कहा कि एक लाख करोड़ भेजते हैं। मैं कहना चाहता हूं कि 2014 में डबल इंजन की सरकार थी उस वक्त 10 क्विंटल खरीदा। 14-15 से 16-17 तक लगातार धान की खरीदी कम होती गई। उसी समय बोनस देने से मना किया गया। अब कहते हैं एक-एक दाना खरीदेंगे।
प्रधानमंत्री से कहना चाहूंगा कि तीन तारीख को वे आ रहे हैं। उससे पहले एमएसपी में एक-एक दाना खरीदने का आदेश जारी करेगा। दो साल का बोनस बचा है, चूंकि भारत सरकार ने ही प्रतिबंध लगाया था। उसे हटा दें। लेकिन ऐसे दोमुही बात न करे। मोदीजी ने रेलवे को 6 हजार करोड़ देने की बात कही। क्या यह पैसा अपने मित्रों का कोयला ढूलाने के लिए दिया। क्योंकि जनता को फायदा नहीं हो रहा। जिस दिन पीएम आए उस दिन भी 34 ट्रेनें रद्द की गई। जितनी ट्रेनें छत्तीसगढ़ में रद्द हुई है उतनी रेलवे के इतिहास में नहीं हुई। छत्तीसगढ़ के लोगों से यह बदला क्यों। बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बताया कि केन्द्र 7 लाख आवास दे रहा है। तो बस्तर आने से पहले केंद्रांश की राशि जारी कर दें।
मोदी के पीएससी घोटाले की जांच और कार्रवाई पर बघेल ने कहा उन्होंने झीरम के मामले में भी कहा था 15 दिन में जांच कराएंगे। आज पांच साल बाद भी हम एनआईए, केन्द्र सरकार को पत्र लिखकर मांग कर रहे हैं। और कितना विश्वास करेंगे। पीएम को झूठ भी नहीं बोलना चाहिए, लेकिन वह इतना झूठ बोलते हैं। मोदी की विकास गारंटी पर बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का मॉडल है। उन्होंने 10 साल तक गुजरात मॉडल चलाया वो मोदी मॉडल क्या है बताएं। मोदी की गारंटी यह है कि वो जुमलेबाज है। जब-जब आते हैं जुमले फेंक जाते हैं।
गोबर घोटाले पर बघेल ने कहा कि स्वयं प्रधानमंत्रीजी निजी आयोग में तारीफ करते हैं। और बिलासपुर में कहते हैं कि घोटाला हुआ है। आखिर उनके कितने मुंह हैं भाई।