रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 सितंबर। राजधानी से लगे ग्राम जरवाय के गौठान में 4 गाय मृत मिली हैं। इसे लेकर भाजपा के नेताओं ने निगम और सरकार को आड़े हाथों लिया है। दोपहर भाजपा नेता प्रफुल्ल विश्वकर्मा समेत कई कार्यकर्ता प्रदर्शन करने वहां पहुंचे हुए हैं।
वहीं पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने ट्वीट कर कहा है कि राहुल गांधी की सभा के बाद दर्जनों गाय मृत पाई गई थीं, आज फिर जरवाय के गौठान में गाय बेजान पाई गई हैं। कोई कैसे करेगा कांग्रेस पर भरोसा? भूपेश बघेल जी आप पर गौहत्या का पाप लगा है। आपको इसका परिणाम भुगतना ही पड़ेगा।
गौठान का दौरा करने के बाद मूणत वहीं पर धरने पर बैठ गए। उनका कहना है कि प्रशासन दोषियों पर एफआईआर करे। जब तक इस मामले में एफआईआर नहीं होगी धरने से नहीं उठेंगे। मूणत के साथ पूर्व सभापति प्रफुल्ल विश्वकर्मा समेत कई नेता मौके पर बैठे हैं। यह गौठान कांग्रेस के पूर्व पार्षद संदीप साहू द्वारा संचालित है।