रायपुर

आगरा से टाटा हैरियर में आए तीन लोगों से 355 किलो चांदी जप्त
22-Sep-2023 3:27 PM
आगरा से टाटा हैरियर में आए तीन लोगों से 355 किलो चांदी जप्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 22 सितंबर। कोतवाली पुलिस ने  शाम वाहन चैकिंग के दौरान सराफा बाजार के पास  355 किलो चांदी के जेवरात जप्त किया। इसकी कीमत  2,77,52,789/- (दो करोड़ सतहत्तर लाख बावन हजार सात सौ नवासी रूपये) आंकी गई है ।यह चांदी मूलत: आगरा  निवासी तीन युवक  टाटा हैरियर क्रमांक यू पी/80/एफ एफ/0150 में लेकर आए थे।

 शाम को कोतवाली के सदर बाजार में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट  वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान चारपहिया वाहन क्रमांक यू पी/80/एफ एफ/0150 को चेक करने हेतु रोकवाया गया, वाहन में तीन व्यक्ति सवार थे। पूछताछ में इन्होंने अपना नाम पता, संजय अग्रवाल पिता स्व. सूरज अग्रवाल उम्र 52 साल निवासी सीताराम कॉलोनी बलकेश्वरा थाना न्यू आगरा, नाहर सिंह पिता टूण्डा राम ठाकुर उम्र 47 साल निवासी कुण्डौलधाम डौकी जिला आगरा,रामकुमार सिंह पिता शिवलाल सिंह उम्र 32 साल निवासी कुण्डौलधाम डौकी जिला आगरा उत्तर प्रदेश बताया।

टीम के सदस्यों द्वारा वाहन को चेक करने पर वाहन में अलग-अलग बैग एवं बोरी में चांदी के जेवरात मिले। पूछताछ में वे चांदी के जेवरातों के संबंध में पुष्टिकारक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए। इनके पास कुल 355 किलोग्राम चांदी के जेवरात कीमत दो करोड़ सतहत्तर लाख रूपए को धारा 102 जा.फौ. के तहत थाना कोतवाली में जप्त कर न्यायालय को सूचना दी जा रही है।


अन्य पोस्ट