रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 सितंबर। लाखे नगर से अश्वनी नगर रोड पर निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में 2 बच्चों के गिरने की खबर है । इनमें से एक बच्चे की मौत हो गई है और दूसरे की हालत गंभीर बताई जा रही है। बच्चों के नाम मो. आबिद, और मो. आवेश बताया जा रहा है।
लाखे नगर से अश्वनी नगर जाने वाले ढाल पर दाहिनी ओर निजी नर्सिंग होम निर्माण के लिए पुराने भवन को तोडक़र यह गड्ढा खोदा गया था। संभवत: इस स्थान पर भवन का भूतल बनना है। पानी भरने के कारण निर्माण कार्य रूका हुआ था। बच्चे खेलते-खेलते वहां पहुंचे, और गिर पड़े। इन्हें इलाज के लिए परिजन एम्स अस्पताल लेकर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बच्चों को पानी से बाहर निकाला था। बच्चों की पहचान नहीं हो पाई है। यह गड्ढा पिछले कई दिनों से खुदा पड़ा था इस पर क्या निर्माण किया जाना था इसका खुलासा नहीं हो पाया, न ही निर्माण न होने की वजह से गड्ढे को बंद किया गया। सुखे के दिनों में भी यह गड्ढा राहगीरों के लिए खतरा बना हुआ है। हाल की बारिश में वह लबालब होकर दिखाई नहीं दे रहा था। दोनों बच्चे खेलते-खेलते गड्ढ़े में जा गिरे। पुरानी बस्ती पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है।